महासमुन्द
तुमगांव में शराब-देह व्यापार के खिलाफआसपास गांवों के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण भी लामंबद, आंदोलन की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 सितंबर। नगर पंचायत तुमगांव के निर्दलीय अध्यक्ष बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी के बाद जिले में राजनीतिक समीकरण बदलता दिख रहा है। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों के अलावा कांग्रेस ने भी साथ दिया और कल तुमगांव बंद रखा।
बंद के दौरान नगर की दुकानेंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंं, बाजार और सरकारी-गैर सरकारी संस्थानें घंटों बंद रहे। इनका कहना है कि बलरामकांत ने देह व्यापार को बंद कराने की अपील की थी, इसलिए उनके खिलाफ झूठा आरोप लगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि अध्यक्ष श्री साहू को पुलिस ने 30 अगस्त को उनके घर से छेड़छाड़ की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने लाया था और बाद में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
नगर पंचायत अध्यक्ष को जेल भेजे जाने के बाद से अब तक तुमगांंंव में माहौल गरमाया हुआ है। कल सुबह से ही उनके समर्थक एकत्र होने लगे और प्रात: 9-10 बजे से घूम-घूमकर नगर में दुकानों और संस्थानों को बंद कराना शुरू किया। दोपहर तक नगर बंद रहा। बंद के दौरान निकले महिला-पुरुष, युवा श्री साहू की गिरफ्तारी का विरोध करते हुये घूम-घूमकर नारेबाजी करते रहे। वे श्री साहू की रिहाई की मांग कर रहे थे। आंदोलनकारी देह व्यापार और अवैध शराब विक्रय को भी बंद करने की मांग करते रहे। इसी बीच उनके समर्थकों ने राज्यपाल के नाम तुमगांव में शराब की अवैध बिक्री व देह व्यापार रोकने ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में पूरे समय नगर पंचायत तुमगांव के कांग्रेस पार्षदों, नागरिकों सहित तुमगांव के समीपवर्ती ग्राम पंचायत कुकराडीह,खैरझिटी,कौंवाझर तथा गोपालपुर के सरपंच शामिल थे। सभी ने थाना प्रभारी तुमगांव को ज्ञापन सौंपकर उक्त अवैधानिक कृत्यों को तत्काल बंद कराने की मांग की है। नपं तुमगांव के पार्षदों ने बताया कि लंबे समय से उक्त अवैधानिक कृत्यों को बंद कराने की मांग पुलिस प्रशासन से की जा रही है। लेकिन अवैध कार्य अब भी जारी है। इसके चलते तुमगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध बढ़ रहा है। आए दिन वाहन चालकों से लूटपाट जैसी घटनाएं, लड़ाई झगड़े की घटनाएं सामने आ रही है।
सभी ने ज्ञापन में हस्ताक्षर कर शीघ्र शराब की अवैध बिक्री तथा देह व्यापार को बंद कराने की मांग करते हुए कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम पंचायत गोपालपुर के सरपंच भुनेश्वर ध्रुव, कुकराडीह सरपंच मिथलेश्वरी भारत जोगी, खैरझिटी सरपंच रामेश्वरी चेलक, कौंवाझर सरपंच गेंदराम जांगड़े, पार्षद चोवाराम टांडेकर, शत्रुहन निषाद, पार्षद रोहित निषाद, रोहति निषाद केशव राम, दुकालू, रमेश साहू, ओम प्रकाश साहू, पुष्कर साहू, रामशरण, ऋषि साहू, भोलाराम, हेमंत, अमलेश समेत जिला अध्यक्ष साहू समाज धरम दास साहू, कपिल साहू, ओम प्रकाश यादव आदि के हस्ताक्षर हैं।