महासमुन्द

शराब बेचने-बनाने वालों पर 50-50 हजार जुर्माना
01-Sep-2025 3:48 PM
 शराब बेचने-बनाने वालों  पर 50-50 हजार जुर्माना

हेडसपाली को नशामुक्त बनाने ग्रामीणों का सख्त निर्णय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 सितंबर।  हेडसपाली में नशामुक्ति अभियान के तहत एक सख्त निर्णय लिया गया है। अब गांव में अवैध रूप

से शराब बेचने और बनाने वालों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए ग्राम निगरानी समिति का गठन भी किया गया है जो अवैध शराब बनाने व बेचने वालों पर निगरानी रखेगी।

बसना ब्लॉक के ग्राम पंचायत बुटीपाली के आश्रित ग्राम हेडसपाली के ग्रामीण शराब के कारण गांव में बढ़े लड़ाई-झगड़े, अशांति से परेशान होकर अब उक्त निर्णय लिया है। कल इस गांव में बैठक आयोजित कर समस्त ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया कि शराब बनाने या बेचने वालों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना लगाकर पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। गांव में नशे की बढ़ती समस्या को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

बैठक में सरपंच रोहित साहू, उपसरपंच सरोज साहू कोटवार भी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामवासियों द्वारा यह निर्णय लिया गया कि आज से न कोई शराब बनायेगा, न ही कोई बेचेगा। इस निर्णय के बाद गांव का कोई भी व्यक्ति नियम का उल्लंघन करता हैं तो निगरानी समिति द्वारा पकडक़र पुलिस के सुपुर्द किया जावेगा। ग्रामसभा के निर्णय के अनुसार गांव में गांजा की बिक्री भी बंद कर दी गई है।


अन्य पोस्ट