महासमुन्द

नगद व मोबाइल लूटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
01-Sep-2025 3:33 PM
नगद व मोबाइल लूटने वाले  चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 सितंबर। बसना हाईस्कूल की ओर से टहलकर आ रहे एक व्यक्ति से बाइक में सवार होकर आये युवकों ने गाली.गलौज व मारपीट कर एक मोबाइल व 3 हजार रुपए लूट लिए। घटना की रिपोर्ट प्रार्थी बनवारी लाल नंद ने थाने में दर्ज करायी है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई डिग्रीलाल नंद के घर बसना आया था। हाईस्कूल बसना की तरफ  से टहलकर अपने भाई के घर वापस आ रहा था तभी नायकपारा में एक पल्सर में चार युवक आये। चारों उसके साथ गाली-गलौच करते हुये हाथ-मुक्का से मारपीट की।

इनमें से राजा सोनवानी ने बनवारी लाल नंद का कॉलर पकड़ लिया और चारों बोलने लगे कि अपने पास क्या-क्या रखा है निकाल नहीं तो मार देंगे। दूसरे आरोपी सूरज यादव ने प्रार्थी के शर्ट के सामने जेब में रखे मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपी राजा सोनवानी ने पेंट के जेब में रखे 3 हजार रुपए निकाले। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध धारा 296,115-2,309-4, 3-5 बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों की पता तलाश कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। चारों आरोपियों में राजा सोनवानी, हरीश ओगरे, सूरज यादव ने जुर्म करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक,एक नग मोबाइल,नगदी 12 सौ रुपए जब्त किया गया है। प्रकरण में 3 आरोपियों एवं 1 नाबालिग को गिरफ्तार कर आरोपियों के विरूद्ध बीएनएएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट