महासमुन्द
कहा-अब यदि कार्रवाई नहीं हुई तो होगा थाने का घेराव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अगस्त। अवैध शराब और देह व्यापार के लिए तुमगांव क्षेत्र की हो रही बदनामी से क्षेत्रवासी हलकान है। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने और शराब से बच्चों का भविष्य अंधकारमय देखते हुए स्थानीय नागरिकों को चेतावनी दी है कि अब सख्त कदम नहीं उठाए गए तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ थाना घेराव किया जाएगा।
इस संबंध में ज्ञापन सौंपेते हुए नगर पंचायत तुमगांव के अध्यक्ष बलरामकांत साहू, पार्षदगण एवं नागरिकों ने कहा कि इंस्टाग्राम तक में यहां के अवैध व्यापार का प्रमोशन हो रहा है। इसके चलते गांव के बच्चे, बूढ़े और जवान इस अवैध व्यापार की ओर बढ़ रहे हैं। नागरिकों की मानें तो माताओं-बहनों का सम्मान सडक़ पर सुरक्षित नहीं है। युवा नशेे में डूब रहे हैं और पूरा इलाका भय व अशांति का वातावरण है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि तुमगांव के वार्ड क्रमांक 01,संत इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे लंबे समय से देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है। दिनदहाड़े इस धंधे का बोलबाला है। राह चलती माताओं-बहनों को भी यहां से इशारे किए जाते हैं। आमजनों को गालियां दी जाती हैं और माहौल इतना बिगड़ चुका है कि उस रास्ते से गुजरना लोगों के लिए शर्म की बात हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में अजनबियों का आना जाना बढ़ जाता है और सुबह होते ही सडक़ पर नशे में धुत असामाजिक तत्व खुलेआम घूमते नजर आते हैंं। इस तरह देह व्यापार ही नहीं बल्कि अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी तुमगांव बदनाम हो रहा है।