महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 30 अगस्त। किसान नेता और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ठाकुर ने खाद की कालाबाजारी पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने जारी विज्ञप्ति में कहा कि बीते माह किसान डीएपी के लिए दर-दर भटके और अब यूरिया के लिए हाहाकार मचा है। धान की फसल इस समय यूरिया की मांग कर रही है, मगर समितियों से लेकर बाजार तक किसानों को केवल शोषण का सामना करना पड़ रहा है।उनका कहना है कि यह कोई प्राकृतिक संकट नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की नाकामी का परिणाम है। गोदामों में खाद दबाकर किसानों को लूटा जा रहा है।
सरकारी दर पर मिलने वाला यूरिया बाजार से लगभग पैदा कर किसानों को लूटने की यह प्रक्रिया पूरे जिले में चल रही है। प्रति एकड़ एक-दो बोरे तक सीमित आपूर्ति दिखाकर अभाव का माहौल बनाया जा रहा है।
जबकि गोदामों में अनुपयोगी रसायनों का ढेर लगा है।
इस पूरे मामले को लेकर वर्तमान में कांग्रेस विधायक और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में संसदीय सचिव रहे द्वारिकाधीश यादव से भी विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस मसले को वे सदन में मजबूती से उठाएंगे और किसानों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे।
भुपेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार ने तुरंत खाद की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की तो किसानों का सब्र जवाब देगा। उन्होंने चेतावनी दी -सरकार अगर अब भी नहीं चेती तो किसान सडक़ पर उतरेंगे और इसका खामियाजा भाजपा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
कांग्रेस विधायक द्वारकाधीश यादव ने किसानों की आवाज को सदन तक ले जाने का आश्वासन दिया है, लेकिन असली कसौटी सरकार के कदम होंगे। यदि हालात नहीं सुधरे तो यह आक्रोश न सिर्फ खेतों में बल्कि राजनीति के गलियारों में भी भूचाल ला सकता है।