महासमुन्द

मितानिनों ने विधायक द्वारिकाधीश को सौंपा ज्ञापन, वायदे पूरे करने की मांग
26-Aug-2025 10:50 PM
मितानिनों ने विधायक द्वारिकाधीश को सौंपा ज्ञापन, वायदे पूरे करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 26 अगस्त। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची मितानिन कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को विधायक द्वारिकाधीश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन विधायक को सौंपा। ज्ञापन में मितानिन कर्मियों ने केंद्र सरकार की गारंटी एवं चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वायदों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

मितानिन संघ ने ज्ञापन में बताया कि मितानिन एवं मितानिन कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर मोदी सरकार द्वारा घोषणा पत्र में दिए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। साथ ही मितानिन कार्यक्रम का संचालन पुन: एनजीओ को सौंपे जाने का उन्होंने विरोध जताया।

प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ एवं प्रशिक्षक कल्याण संघ के आह्वान पर प्रदेशभर की मितानिन, प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर 7 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन पर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर एक सप्ताह के भीतर ठोस निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में 72 हजार मितानिन जंगी आंदोलन करेंगे। इसके तहत मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव करने के साथ-साथ चक्काजाम की भी तैयारी है।

विधायक द्वारिकाधीश यादव ने मितानिन कर्मियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में रोशनी, देवकी वैष्णव, मोहिनी यादव, सरोज यादव, शकुंतला पटेल, हेमलता बघेल, संतोषी, कुंती, ओम कुमारी  सहित खल्लारी विधानसभा क्षेत्र की अनेक मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट