महासमुन्द

खरोरा-बरिहापाली-गिधली सडक़ दलदल बन जाती है, बच्चे वैन किराए कर स्कूल जाते हैं
22-Aug-2025 4:11 PM
खरोरा-बरिहापाली-गिधली सडक़ दलदल बन जाती है, बच्चे वैन किराए कर स्कूल जाते हैं

जो किराया नहीं पटा सकते, दलदल से गुजरते हैं रोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 अगस्त। आजादी के 78 साल बाद भी महासमुंद के कुछ गांव ऐसे हैं, जहां मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। ऐसा ही एक गांव है गिधली। खरोरा-बरिहापाली गांव के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से ये सरकारी बातें खोखली साबित हो रही हैं। गांव में सडक़ नहीं होने के कारण यहां के 50-60 बच्चे 2 किलोमीटर दूर स्थित गिधली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाते हैं।

कच्चा रास्ता इतना खराब है कि बरसात में स्कूल जाने के लिए वैन की व्यवस्था करनी पड़ती है। वैसे तो खरोरा-बरिहापाली से गिधली की दूरी 2 किलो मीटर है लेकिन रास्ते में दलदल के कारण बच्चे 15 किलोमीटर घूम कर स्कूल जाने के लिए विवश हैं। किसी तरह पढ़ाई पूरी हो सके, इसलिए प्रति छात्र 1350 रुपए प्रति माह के हिसाब से वैन का किराया भुगतान कर रहे हैं। यह बुनियादी समस्या केवल खरोरा बरिहापाली गिधली का ही नहीं है। बल्कि बसना क्षेत्र के दर्जनों ऐसे गांव हैं जहां के लोगों को इस प्रकार की समस्या से बरसात में जूझना पड़ता है।

इन गांवों में भी हर बार चुनाव के समय जनप्रतिनिधि ऐसे वादे करते हैं, मानों चुनाव के दो माह बाद यह गंभीर समस्या तत्काल खत्म हो जाएगी। लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा दिखाया गया सपना केवल सपना बन कर रह जाता है। लिहाजा गांव की दशकों पहले की बुनियादी समस्या जस की तस है।

ग्राम गिधली में लगातार 10 वर्षों तक पंच रहे रामेश्वर बारिक का कहना है कि खरोरा, बरिहापाली के लोग गिधली में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी प्रारंभ होने के बाद मिडिल स्कूल की पढ़ाई करने 2 किलोमीटर दूर गिधली स्कूल आना जाना प्रारंभ किया करते हंै। गिधली स्कूल में अच्छी पढ़ाई होने के कारण यहां के बच्चे दूर दराज के अन्य स्कूलों में जाना पसंद नहीं करते और वे पैदल या साइकिल से गिधली स्कूल आते जाते हैं। लेकिन खरोरा-गिधली मार्ग वर्षों से कच्चा है जो बरसात में दलदल बन जाता है।  यहां पक्की सडक़ एवं झरिया नाला के पास पुलिया निर्माण की मांग क्षेत्र के लोग बरसों से कर रहे हैं। शासन द्वारा दो साल पहले सडक़ में झरिया नाला के पास पुल का निर्माण भी किया है। लेकिन पक्की सडक़ नहीं बन पाने के कारण बरसात में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आने-जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती, शिशुवती व प्रसव वाली माताओं को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है।

यहां के ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा है कि उन्हें 2 किलोमीटर दूर गिधली स्कूल जाने के लिए 15 किलोमीटर घूम कर गुढिय़ारी, भूकेल, फ ोर लाइन से होते हुए सिंघनपुर, मोहका फि र गिधली स्कूल आने के लिए वैन की व्यवस्था करनी पड़ती है। प्रति छात्र 1350 रुपए महीने वैन किराया भुगतान करना पड़ रहा है। बरसात भर उन्हें 2 किलों मीटर के बजाय 15 किलोमीटर की सफर करने के लिए हर माह हर बच्चे के पीछे 1350 रुपए के हिसाब से 50 छात्रों का एक माह का 67 हजार पांच सौ रुपए, चार माह का 2 लाख 70 हजार रुपए आर्थिक बोझ पड़ रहा है। मध्यम वर्ग के बच्चे स्कूल जाने वैन का किराया तो दे रहे हैं, लेकिन गरीब कमजोर वर्ग के 10 से 15 छात्र कीचड़ से हो कर मजबूरी में आज भी स्कूल आना-जाना कर रहे हैं। अत: खरोरा बरिहापाली के छात्रों की खातिर गिधली तक कच्चे सडक़ को पक्की सडक़ बना दी जाए।


अन्य पोस्ट