महासमुन्द
भाजपा सरकार को किसानों से अधिक उद्योगपति मित्रों की चिंता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20अगस्त। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा की साय सरकार प्रदेश में लगातार किसानों की उपेक्षा करते हुए उनके अधिकारों का हनन करने पर आमादा हो गई है। महासमुंद जिले के तुमगांव के समीप खैरझिटी स्थित करणीकृपा स्टील एवं पावर प्लांट को कोडार बांध से पानी देने की योजना क्षेत्र के किसानों के विरोध के बाद विफल होने पर गोपालपुर एनीकेट के माध्यम से कोडार का पानी करणीकृपा प्लांट को देने की योजना बनाई गई है। गोपालपुर एनीकेट को ग्रामीणों के निस्तारी तथा पशुओं के प्यास बुझाने के लिए बनाया गया था। इस एनीकेट से किसानों को भी पानी नहीं दिया जाता। यह एनीकेट कोडारबांध से छोड़े गए पानी से भरता है। जो गर्मी के दिनों में ग्रामीणों तथा पशुओं के निस्तारी का प्रमुख साधन है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर के पत्र के तहत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा करणीकृपा पावर प्लांट को गोपालपुर एनीकट से पानी ले जाने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है। प्लांट के विरूध्द आम जनता एवं किसानों द्वारा लगातार प्रदर्शन कर विरोध किया जा रहा है। उसके बाद भी छत्तीसगढ़ की साय सरकार द्वारा गोपालपुर एनीकेट से प्लांट को पानी ले जाने की स्वीकृति दी गई है। जबकि इस एनीकेट से किसानों को भी कृषि कार्य हेतु पानी नहीं दिया जाता।
श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों के हिस्से के पानी को भाजपा की कार्पोरेट सरकार चोरी.छिपे करणीकृपा पावर प्लांट को बेच रही है। कोडार बांध से सीधे पानी न ले जाकर गोपालपुर एनीकेट के माध्यम से कोडार का पानी इस प्लांट को देने का षडय़ंत्र भाजपा की सरकार ने रचा है। यदि ऐसा हुआ तो ना ही कोडार में निस्तारी योग्य पानी बचेगा और न ही किसानों को फसल सिंचाई के लिए पानी मिल पाएगा। लगातार किसानों के विरोध के बाद भी भाजपा सरकार द्वारा किसानों को हासिए पर रखा जा रहा है। किसानों द्वारा किए जा रहे विरोध के बाद भी सरकार द्वारा प्लांट को पानी दिया जाना यह सिद्ध करता है कि भाजपा की प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में किसान हित नहीं अपितु बड़े उद्योगपति मित्रों का हित है।
पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि करणीकृपा पॉवर प्राइवेट लिमिटेड खैरझिटी के इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट एवं 74 मे.वा. केप्टिव पॉवर प्लांट द्वारा जल संसाधन संभाग महासमुंद से किसी तरह का अनुबंध नहीं किया गया है।
इसके बावजूद भी संस्था द्वारा कृषकों के कृषि भूमि एवं शासकीय भूमि में पाइपलाइन बिछाने हेतु खनन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे किसान आक्रोशित हैं। श्री चंद्राकर ने इस आशय का पत्र जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप को प्रेषित कर गोपालपुर एनीकेट से उक्त प्लांट को पानी नहीं दिये जाने की मांग करते हुए तत्काल स्वीकृति निरस्त करने की मांग की है।