महासमुन्द
महासमुंद,19 अगस्त। आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष राकेश झाबक ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि छत्तीसगढ़ में बस्तर से लेकर सरगुजा तक धर्मांतरण का मामला गरमाया हुआ है। आजादी के 79 वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रदेश के सुदूर आदिवासी अंचलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वहां के आदिवासी भूख, लचर स्वास्थ्य व्यवस्था, अच्छी शिक्षा के अभाव के कारण ईसाई मिशनरियों से प्रभावित हो रहे हैं। वन अधिकार अधिनियम 2006 के बावजूद कई आदिवासियों को उनका कानूनी हक नहीं मिल पाया हैं। आदिवासी क्षेत्रों में स्कूल और अस्पतालों की भारी कमी है। सरकार जिन आदिवासियों ने ईसाई धर्म अपना लिया है और जो वर्तमान में आदिवासी हैं,।
उन दोनों को सिर्फ लड़वाना चाह रही है और अपना राजनीतिक उल्लू सीधा कर रही है।
श्री झाबक ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के 25 वर्ष बाद भी सभी सरकारों ने आदिवासियों के हितों की अनदेखी की है। उन्हें जल, जंगल, जमीन से बेदखल कर उनकी जमीनों पर उद्योगपतियों का कब्जा करवाया और कभी भी उनकी आवाज नहीं सुनी। सलवा जुडूम के तहत नक्सलियों से टूटने वाले आदिवासी विस्थापित हुए थे, उन्हें व उनके परिवारों को बुनियादी पहचान,भूमि, आवास,शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा गया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि आदिवासियों को सरकार जल जंगल जमीन का सही अधिकार दे, उनके स्वास्थ्य शिक्षा और वन अधिकारों का पूर्ण कार्यान्वयन करे तो धर्म परिवर्तन स्वत: ही रुक जायेगा।