महासमुन्द

अवर्षा-लो वोल्टेज से पीले पडऩे लगे धान के पौधे, खेतों में दरारें
19-Aug-2025 3:56 PM
अवर्षा-लो वोल्टेज से पीले पडऩे  लगे धान के पौधे, खेतों में दरारें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 अगस्त। जिले के उपतहसील क्षेत्र के भंवरपुर, सागरपाली, जमदरहा आर आई क्षेत्र में बारिश कम होने से खेती किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। पिछले महीने भर से पानी नहीं गिरने से धान के पौधे पीले पडऩे लगे हैं तथा खेतों में दरारें पड़ चुकी हैं। सूखे खेतों को देख कर किसान चिंतित है। अब किसानों के सामने फसल बचाना एक बड़ी चुनौती है।

इधर लो वोल्टेज एवं बार-बार की विद्युत कटौती से खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। जिसके चलते धान की फसल मुरझाने लगी है। जिन्होंने लइहारा पद्धति से धान की बुआई की है, उनके खेतों में अंकुरण के बाद एक बार भी पानी नहीं भर पाया है। मालूम हो कि पूरा अंचल इस समय खंड वर्षा की वजह से सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। मानसून की दगाबाजी के चलते किसानी कार्य पिछड़ता जा रहा है। सागरपाली के कृषक वृंदावन साहू ने बताया कि इस समय पानी के अभाव में न तो निंदाई के लिए अवसर मिल पा रहा है न ही खाद छिडक़ाव के लिए। धान के पौधों में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो पा रही है। रोहिना के रूपानंद साहू ने बताया कि अच्छी बारिश नहीं होने के कारण से खेतों में पानी नहीं भर पा रहा है। ऊपर से लो वोल्टेज की समस्या से और भी परेशानी बढ़ रही है। किसान इस समय बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मगर बारिश नहीं होने के कारण से उन में मायूसी है। जिन किसानों ने रोपा लगाया है उनके खेतों में पानी नहीं भर पाने के कारण धान के पौधे जस के तस पड़े हैं। इधर कई किसान बरसात की शुरुआत में अधिक बारिश होने के चलते समय पर बुवाई भी नहीं कर पाये। किसानों का कहना है कि हरेली के बाद से बारिश नहीं होने के कारण धरती सूखी पड़ी है। इस समय अच्छी बारिश की आवश्यकता है। जिसके पास ट्यूबवेल की सुविधा है उन्हें भी परेशानी हो रही है। सागरपाली 33 केवी सब स्टेशन पर विद्युत लोड बढ़ाने के कारण बार.बार कटौती करने की आवश्यकता पड़ रही है किसानों को मुश्किल से 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। ऐसे में फसल बचाना बड़ी चुनौती बन गई है। किसानों ने कहा कि लो वोल्टेज के कारण बारर पंप खराब हो रहे हैं जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के अभाव में किसानों को खेतों में खरपतवार नाशक दका छिडक़ाव करने में परेशानी हो रही है।

क्योंकि लो वोल्टेज एवं बार-बार की विद्युत कटौती के चलते ठीक से सिंचाई नहीं हो पा रही है। बारिश कम होने से किसान ट्यूबवेल के माध्यम से निंदाई गुड़ाई कार्य को संपन्न कराने की जुगत में है मगर इन दिनों हो रही बेतहासा विद्युत कटौती से काफी परेशानी का सामना ना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि लो वोल्टेज एवं विद्युत कटौत के चलते बार बार मोटर खराब हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट