महासमुन्द

प्रशासन-पुलिस हरकत में नहीं आए तो डोकरपाली जंगल में जमीन के अंदर डंप ढाई लाख की शराब ग्रामीणों ने खोद निकाली
19-Aug-2025 3:45 PM
प्रशासन-पुलिस हरकत में नहीं आए तो डोकरपाली जंगल में जमीन के अंदर डंप ढाई लाख की शराब ग्रामीणों ने खोद निकाली

जंगल के बीच एक परिधि में गड़ाकर बड़े-बड़े डिब्बों और बोरियों में रखा गया था शराब का जखीरा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 अगस्त। बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम डोकरपाली के ग्रामीणों ने शराब बिक्री से तंग आकर गांंव से कुछ दूर छापामार कार्रवाई करते हुए जंगल में जमीन के भीतर गड़ाकर रखे गये 4800 किलो महुआ लाहन खोद-खोदकर निकाला और आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया है। इसकी कीमत 2.40 लाख रुपए बताई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध महुआ शराब के निर्माण और बेरोक-टोक विक्रय से गांव का माहौल दिन-ब-दिन बिगड़ता जा रहा है। यह अवैध कारोबार पुलिस और प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद धड़ल्ले से लंबे समय से चल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि तेंदूकोना क्षेत्र के कई ग्रामों में हालात ऐसे ही है। सरकारी दुकानों से निकली शराब की अवैध बिक्री गांवों में जोरों पर हो रही है। साथ ही महुआ शराब निर्माण और इसकी भी धड़ल्ले से बिक्री होती है। गांवों में शराब सुगमता से

उपलब्ध होने के कारण युवा भी शराब का नशा करने लगे हैं। इससे गांवों का शांत वातावरण बिगड़ता जा रहा है। लड़ाई-झगड़े और विवाद मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही है। थानों में कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा था।

आखिरकार ग्रामीणों ने संगठित होकर ग्रामीणों को शराब से बचाने के लिये खुद ही कार्रवाई करने का निर्णय लिया। सरपंच जितेन्द्र साहू के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूर जंगल में छापामार कार्रवाई की। इनमें पुरुषों के साथ.साथ महिलाएं व युवा भी शामिल थे। सभी ने जंगल के बीच एक परिधि में गड़ाकर रखे बड़े-बड़े डिब्बों और बोरियों को खोद-खोदकर जमीन से निकाला गया।

इस दौरान खुदाई में कुल 105 डिब्बे मिले। प्रत्येक में 20 किलो महुआ लाहन कुल 2100 किलो तथा प्लास्टिक की 54 बोरियों में भी यही मिला। प्रत्येक बोरी में 50 किलो महुआ लाहन कुल 2700 किलो, दोनों मिलाकर कुल 4800 किलो महुआ लाहन खोदकर निकाला गया। मौके पर एक भी आरोपी उपस्थित नहीं थे। बरामद सामग्री को आबकारी विभाग को सौंपा गया। बाद आरोपी के संबंध में पूछताछ करने पर पता नहीं चलने पर आबकारी अधिनियम की धारा 34-1 के तहत लावारिस प्रकरण दर्ज कर मौके पर लाहन का नष्टीकरण किया गया।

 उपरोक्त कार्रवाई में पिथौरा वृत्त प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक शिवशंकर नेताम, गणेश यादव आबकारी उप निरीक्षक वृत्त महासमुंद आंतरिक, देवेश मांझी, संजय तिवारी आरक्षक एवं कार्रवाई के दौरान समस्त ग्रामवासी डोकरपाली  आबकारी टीम पिथौरा एवं महासमुंद उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट