महासमुन्द
9 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। वर्षों पुरानी मांगों को लेकर मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ ने कल पटवारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया। बाद रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया तथा यहां भी लगभग 2 घंटे तक धरना दिया। बाद 9 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और सप्ताह भर के भीतर मांगों पर विचार नहीं किये जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
मालूम हो कि इसके पूर्व अनेक बार मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ द्वारा हड़ताल तथा धरना प्रदर्शन किया जा चुका है लेकिन आज तक उनकी मांगों पर शासन प्रशासन द्वारा पहल नहीं की गई है। फलस्वरूप, आक्रोशित रसोइयों ने कल धरना देकर शासन प्रशासन के विरूद्ध जमकर हल्ला बोला।
मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने बताया कि लंबे समय से उनका संगठन हड़ताल, धरना प्रदर्शन तथा ज्ञापन के माध्यम से शासन का ध्यानाकर्षण कराते आ रहा है, लेकिन इस विषय पर प्रशासन व शासन मौन है। रसोइयों की मांगें है कि रसोइयों को कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए, स्कूल के रसोइयों को ड्रेस कोड दिया जाए, रसोइयों को नियमित वेतनमान दिया जाए, मोदी की गारंटी अनुसार 50प्रतिशत वेतन वृद्धि की जाए, सहायता समूह जो रसोइया को निकालते हैं उसे तुरंत रोक लगाया जाए, केंद्र और राज्य सरकार से अंशदान वृद्धि की जाए, किसी रसोइयों की आकस्मिक निधन या सेवानिवृत्त होने पर एकमुश्त अंशदान राशि दिया जाय। जिससे उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। साथ ही रसोइयों का जीवन बीमा किया जाए।