महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अगस्त। सांकरा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन में ग्राम लाटादादर भगतदेवरी के पास झलप से बसना की ओर आ रहे मोटरसाइकिल चालक द्वारा अपनी मोटरसाइकिल क्रं सीजी 04 एम एन 7829 को तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए एक अज्ञात ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने से मोटरसाइकिल चालक को अंदरूनी गंभीर चोट लगी है और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मोटर साइकिल में पीछे बैठे उसके साथी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है।
बाद में घटना स्थल लाटादादर सडक़ किनारे दुर्घटना में पड़े दो मोटर साइकिल चालक को लोगों ने देखा। तब लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस 112 एंबुलेंस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही 112 घटना स्थल पहुंची। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने परसराम साहू पिता जगतराम साहू कछारडीह झलप को मृत घोषित कर दिया तथा गंभीर रूप से घायल कृष्ण कुमार साहू पिता सोनसाय साहू कछारडीह झलप को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा हेतु महासमुंद रेफर किया गया। इधर, मृतक परसराम साहू के परिजनों को सूचना दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचे । उन्होंने मृतक को परसराम साहू के रूप में शिनाख्त किया है। बाद में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु मच्र्युरी भेजा गया। सांकरा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया है। सांकरा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।