महासमुन्द

गरीबों के 85 लाख के चावल गबन का आरोप
11-Aug-2025 3:13 PM
गरीबों के 85 लाख के चावल गबन का आरोप

आरोपियों पर कार्रवाई कर चावल की पूरी वसूली करें साय सरकार-कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11 अगस्त। शहर की 3 राशन दुकानों से गरीबों को मिलने वाले 2139 क्विंटल सरकारी चावल के गबन के मामले को संरक्षण देने का आरोप कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा पर लगाया है। पार्षदों का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। जबकि, यहां 85 लाख के चावल के गबन के मामले में भाजपा प्रमुखों द्वारा पर्दा डालने का काम किया जा रहा है।

पार्षदों ने कहा कि शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष पद से महेन्द्र सिका को तत्काल हटाकर और उसके खिलाफ   कानूनी कार्रवाई कराकर जनता को बताये कि भाजपा वास्तव में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने वाली पार्टी है।

मालूम हो कि गरीबों के चावल के गबन का मामला हाल ही में उजागर हुआ था। भाजपा शहर अध्यक्ष महेन्द्र सिका के इससे जुड़े होने के कारण भाजपा की यहां किरकिरी हो रही है। उन पर गरीबों के 85 लाख के चावल गबन का आरोप है।

पार्षदों ने कहा कि भाजपा सच में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कहे अनुसार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है तो तत्काल चावल गबन आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कर चावल की पूरी वसूली करे तथा उन्हें पद से हटाकर यह स्पष्ट नीति पर काम करने वाली पार्टी है।

कांग्रेस व निर्दलीय पार्षद, जय देवांगन, ज्योति रिंकू चंद्राकर, विक्की मुस्ताक खान, गुलशन साहू, सूरज नायक, राहुल अवाड़े, जितेंद्र ध्रुव, ओमीन दिन कागजी, नीरज चंद्राकर, मुन्ना देवार, ईश्वरी भोई ने  विज्ञप्ति में कहा है कि शहर के तीन राशन दुकान उत्कल महिला बचत एवं साख समिति द्वारा वार्ड क्रं. 04 में संचालित राशन दुकान में 25 लाख रु. से अधिक के 611 क्विंटल, वार्ड 30 स्थित महामाया प्राथमिक उपभोक्ता समिति, द्वारा संचालित राशन दुकान में लगभग 15 लाख के 453 क्विंटल, वार्ड 29 स्थित गौरा-गौरी खाद्य सुरक्षा एवं पोषण समिति द्वारा संचालित राशन दुकान में 45 लाख के 1075 क्विंटल चावल की कमी पाई गई है

पार्षदों ने आरोप लगाया कि चावल हेराफेरी में भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का के परिवार के सदस्यों का हाथ होने के कारण इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। भाजपा द्वारा गबन कर्ताओं को संरक्षण दिया जा रहा भाजपा की सुशासन की सरकार में जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार काम कर रही है। वहीं, महासमुंद शहर में भाजपा नेता व उनके परिवार के लोगों द्वारा गरीबों के हिस्से का लाखों के चावल की हेराफेरी की गयी है। इस पर भाजपा द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

मालूम हो कि मार्च में सत्यापन में पार्षदों ने लिया किरा संचालित शासकीय उचित मूल्य के दुकानों में उपरोक्त मात्रा में चावल की कमी पाई गई थी। जिसे केवल नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर ली गई है। पांच माह बीतने के बाद भी गबन के आरोपियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


अन्य पोस्ट