महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अगस्त। बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलने की सीमा 400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट करने तथा बिजली दर में चौथी बार की गई बढ़ोत्तरी का विरोध करते हुए कांग्रेसजनों ने कल महासमुंद में विद्युत कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच पुतले को लेकर झूमाझटकी भी हुई।
कांग्रेसी कल दोपहर करीब डेढ़ बजे ककांग्रेस भवन से निकलकर बीटीआई रोड स्थित सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण मंत्री और कार्यपालन यंत्री कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन करने पहुंचे। उसी वक्त बीटीआई रोड पर ही विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के कार्यालय के पीछे चल रहे महारूद्राभिषेक के आयोजन में मुख्यमंत्री श्री साय शामिल होने वाले थे। इस वजह से पुलिस सतर्क थी। पहले से ही पुलिस के जवान विद्युत कार्यालय के प्रवेश द्वार पर तैनात थे। कांग्रेस जनों ने प्रवेश द्वार पर करीब आधे घंटे भाजपा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जैसे ही उन्होंने मुख्यमंत्री के पुतले को जलाने की कोशिश की, पुलिस जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश करते हुये पुतला छीनने का प्रयास किया।
इस दौरान उनके बीच पुतले को लेकर छीना-झपटी भी हुई। पुतला दहन करते हुए कांग्रेसजनों ने विद्युत दरों में वृद्धि और बिजली बिल हाफ योजना को लगभग खत्म करने के प्रयासों के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के आवाज सुनकर दफ्तर से एक अधिकारी ने बाहर आकर चर्चा की। कांग्रेसजनों ने अधिकारी को बताया कि बिजली दरों में बढ़ोत्तरी वाला नया टैरिफ वापस लिया जाये तथा बिजली बिल हाफ योजना की सीमा 400 यूनिट से घटाकर मात्र 100 यूनिट किए जाने का जनविरोधी निर्णय तत्काल वापस लिया जाए। यह भी कहा कि जब से नया मीटर लगा है तब से बिजली बिल ज्यादा आ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस योजना को यथावत नहीं रखा गया तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा और प्रदेश भर में इसका विस्तार किया जाएगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर, आलोक चंद्राकर पूर्व बोर्ड उपाध्यक्ष, खिलावन बघेल पूर्व बोर्ड उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी किसान कांग्रेस नेता राजेंद्र चंद्राकर, लक्ष्मी देवांगन, प्रदीप चंद्राकर, गुरमीत चावला, गौरव चंद्राकर, अमन चंद्राकर आदि उपस्थित थे। &&&&&
कुडो मार्शल आर्ट टूर्नामेंट में खिलाडिय़ों ने दिखाया दम
दुर्ग, 7 अगस्त। 1 से 3 अगस्त तक आयोजित एकेडमी 360 ऋषभ नगर दुर्ग में 4थी जिला स्तरीय कुडो टूर्नामेंट सम्पन्न हुआ। जिसमें धमधा, पाटन और दुर्ग जिले के लगभग 350 से ज्यादा खिलाड़ी, कोच मैनेजर ने हिस्सा लिया। जिसमें दुर्ग शहर के खिलाडिय़ों ने ओवर ऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। द्वितीय स्थान पर धमधा ब्लॉक और तृतीय स्थान पर पाटन ब्लॉक रहा।
इस प्रतियोगिता में आगामी राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए टीम चयन किया गया है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कुडो एसोसिएशन जिला दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा सिंह विशेष अतिथि समाज सेवक आशीष सुराना रहें। अनुराधा ने अपने उद्बोधन में कुडो खेल के बारे में जानकारी दी कि कुडो एसोसिएशन दुर्ग मान्यता प्राप्त खेल संघ है जिसे छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 30 जून को मान्यता पत्र जारी हुआ है, जिससे खिलाडिय़ों को आगे कुडो खेल की विभिन्न गतिविधियों में शासन की बेनिफिट है वो सीधे खिलाडिय़ों को मिलेगी। कार्यक्रम में जिला संघ की सचिव लीलिमा सोनी एवं कोषाध्यक्ष द्रविड़ यादव उपस्थित रहे।