महासमुन्द
हर साल 1 माह की सैलरी स्कूली बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों पर करती हैं खर्च
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अगस्त। शासकीय अभ्यास प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक डेमेश्वरी गजेंद्र ने अपने पुत्र सार्थक के जन्मदिन पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। डेमेश्वरी प्रत्येक वर्ष अपनी एक माह की सैलरी बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं पर खर्च करती हैं।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे ने कहा कि डेमेश्वरी का यह दृष्टिकोण उन्हें एक सामान्य शिक्षक से अलग पहचान देता है। उनका योगदान प्रेरणास्पद और उत्साहवर्धन के योग्य है। अध्यक्षता कर रहे जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने कहा कि डेमेश्वरी ने निजी अवसरों को सामाजिक दायित्व में बदलकर सभी शिक्षकों को एक नई राह दिखाई है।
इस अवसर पर उपस्थित बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2022 में स्कूल की दर्ज संख्या 75 थी। लेकिन उपस्थिति बहुत कम थीं। डेमेश्वरी के मार्गदर्शन में शिक्षकों की टीम ने घर-घर जाकर पालकों से संवाद किया। घुमंतु समुदाय के बच्चों को स्कूल से जोड़ा और शिक्षा के प्रति भरोसा जगाया। आज इसी विद्यालय में दर्ज संख्या 98 पहुंच चुकी है और नब्बे फीसदी की औसत उपस्थिति है। प्रधान पाठक डेमेश्वरी गजेंद्र ने कहा कि मैं चाहती हूं कि कोई बच्चा सिर्फ इसलिए न पिछड़े क्योंकि उसके पास संसाधन नहीं हैं।
कार्यक्रम में आशीबाई गोलछा कन्या हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य जीएल सिन्हा, मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक गैंदलाल साहू, उमादेवी शर्मा, सार्थक गजेंद्र, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुशील कुल्हडिया, उपाध्यक्ष रेवती यादव, सदस्य ज्वाला सूर्यवंशी, शांति साहू आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।