महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अगस्त। किसानों की सिंचाई की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कोडार जलाशय से पानी छोड़े जाने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की अनुशंसा तथा किसानों की मांग को देखते हुए लिया गया है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अजय खरे ने जानकारी दी कि वर्तमान में शहीद वीर नारायण सिंह बांध कोडार जलाशय का गेट 7 अगस्त को खुलेगा। उन्होंने बताया कि जलाशय वृहद में रूपांकित जल की मात्रा 149 एमसीयूएम है। कल 6 अगस्त 2025 की स्थिति में कुल उपयोगी जल भराव 83.39 एमसीयूएम अर्थात 55.97 प्रतिशत जल उपलब्ध है। परियोजना वृहद के अंतर्गत आने वाले ग्रामों एवं कृषकों तथा ग्राम पंचायत के सरपंचों द्वारा खरीफ सिंचाई हेतु पानी छोडऩे की मांग की गई है। जिसमें सरपंच ग्राम पंचायत साराडीह, बेमचा, बेलसोंडा, कौंआझर, पिरदा, मालीडीह, कौंदकेरा एवं अन्य गांव के किसान शामिल हैं। कोडार बांध से 50 ग्रामों के 16 हजार 756 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई लक्ष्य प्रस्तावित है। बांध के दोनों आरबीसी एवं एलबीसी स्लूज गेट खरीफ सिंचाई हेतु कल 7 अगस्त को खोले जाएंगे।
किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही सिंचाई जल का उपयोग करें तथा किसी भी स्थिति में नहरों को काटकर अवैध रूप से पानी न लें। इससे जल प्रबंधन प्रभावित होता है और अन्य किसानों को लाभ नहीं मिल पाएगा।