महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अगस्त। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कल आमजन से सीधे संवाद करते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनी और विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। ग्राम दुरुगपाली विकासखंड बसना निवासी लाल बिहारी साहू ने शौचालय निर्माण कार्य में जाली हस्ताक्षर कर पैसा आहरण के संबंध में, ग्राम तमोरा विकासखंड बागबाहरा निवासी द्वारका प्रसाद पांडे ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल हेतु, सांकरा निवासी रंजीत भोई ने वन अधिकार भूमि को सीमांकन करने, ग्राम बिरकोनी निवासी नोहर महिलांग ने दीनदयाल भूमिहीन मजदूर न्याय योजना की राशि दिलाने, ग्राम भुरकोनी पिथौरा के ग्राम वासियों ने अवैध कब्जा हटाने, ग्राम नवापारा महासमुंद में नया उपार्जन केंद्र खोलने के संबंध में, अमृतलाल भोई महासमुंद द्वारा ग्राम परसकोल में भवन निर्माण की राशि दिलाने, सुरिन्दर सिंह महासमुंद निवासी द्वारा ग्राम पंचायत खरोरा में मुख्य मार्ग में दुकानों के अवैध निर्माण में कार्रवाई हेतु,े ग्राम तिहारीपाली सराईपाली निवासी रंजीत यादव द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाने एवं ग्राम लभरा खुर्द निवासी यांशिव कुमार ध्रुव ने जाति एवं निवास में त्रुटि सुधार हेतु आवेदन किया।
कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के लिए निर्देश दिए।