महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अगस्त। बसना में मंदिर के सामने डंपर ने बाइक को ठोकर मार दी। जिससे पोस्टमास्टर के सिर में गंभीर चोट लगने व काफी रक्तस्त्राव होने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार दोपहर की है। शहीद वीर नारायण सिंह चौक से 20 मीटर की दूरी पर मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर क्रमांक सीजी 04 पीडी 9866 चालक ने तेज रफ्तार वाहन लापरवाही पूर्वक चलाते हुए पल्सर बाइक को ठोक दिया। जिससे ग्राम सिरको के पोस्ट मास्टर कोमल जीत ठाकुर पिता धनीराम 20 वर्ष के सिर पर गंभीर चोट लगी है तथा काफी रक्त स्त्राव होने से मौके पर उसकी मौत हो गई। भीड़ वाला एरिया होने से घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई।
बहरहाल, डंपर चालक घटना पश्चात जगदीशपुर रोड़ में हरिओम फ्रूट सेंटर के पास डंपर खड़ी कर फरार हो गया। घटना संबंधी सूचना थाने में दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। कार्रवाई के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चीर घर बसना भेजा गया।
परिजनों की रिपोर्ट पर बसना पुलिस अपराध कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है। फिलहाल डंपर ड्राइवर फरार है। डंपर मालिक एवं डंपर के ड्राइवर की पतासाजी की जा रही है।