महासमुन्द

चोरी का ट्रांसफार्मर खरीदने आये कबाड़ी को ग्रामीणों ने दबोचा, 2 साथी फरार
06-Aug-2025 4:11 PM
चोरी का ट्रांसफार्मर खरीदने आये कबाड़ी को ग्रामीणों ने दबोचा, 2 साथी फरार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद,6 अगस्त। बसना विकास खंड के ग्राम धुमाभांठा में ट्रांसफार्मर चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना 3 अगस्त को दोपहर की है। गांव के ही दो व्यक्तियों द्वारा एक ट्रांसफार्मर को कबाड़ी को बेचने का प्रयास किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ  गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।  जानकारी के अनुसार ग्राम धुमाभांठा निवासी गणेश पटेल ने चौकी भंवरपुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि प्रेमलाल पटेल एवं श्रीराम पटेल नामक दो ग्रामीणों द्वारा गांव के ही ट्रैक्टर मार्ग के पास एक पुराना विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी कर, उसे धनेश्वर साहू नामक कबाड़ी को बेचने के लिए बुलाया गया था। धनेश्वर रसोडा गांव का निवासी है और कबाड़ का व्यापार करता है। गणेश पटेल ने बताया कि घटना के समय जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी प्रेमलाल पटेल मौके से फरार हो गया। जबकि कबाड़ी धनेश्वर साहू को लोगों ने पकडक़र रोके रखा। इस संबंध में पुलिस चौकी भंवरपुर में सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 303-2, 317-2, 3-5 के तहत अपराध दर्ज किया है और प्रकरण की जांच थाना बसना को सौंप दिया है।

 

सूचना मिलने में हुई देरी के बारे में गणेश पटेल ने बताया कि उन्होंने सलाह.मशविरा के बाद लिखित सूचना दी। चोरी गया ट्रांसफार्मर लगभग 5 हजार मूल्य का बताया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और कबाड़ी से पूछताछ जारी है।


अन्य पोस्ट