महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 अगस्त। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर के भैया बहनों ने सावन के अंतिम सोमवार को थानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। इस अवसर पर विद्यालयीय स्टाफ समिति पदाधिकारियों सहित अनेक पालक गण उपस्थित थे।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सरस्वती शिशु मंदिर पिथौरा के भैया बहनों द्वारा आकर्षक पद यात्रा के साथ कांवर यात्रा निकाली। इस यात्रा में नन्हे नन्हे बच्चे शंकर पार्वती की वेशभूषा में सजे थे। इनके साथ गण बने भैया बहन अपनी मस्ती में डीजे की धुन पर शिवभजन में झूमते देखे गए।
कांवरियों के लिए रास्ते भर फल, चॉकलेट और पानी की व्यवस्था नगरजनो द्वारा की गई थी। थानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के पूर्व मेवा महाराज द्वारा भैया बहनों एवं विद्यालयीन आचार्यो समिति सदस्यों की उपस्थिति में पूजन एवं आरती की गई। कार्यक्रम में मुख्यत: शहीद भगत सिंह शिक्षण समिति के पूर्व अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी, अध्यक्ष बोधी राम चौधरी, प्राचार्य गायत्री राजपूत, सीताराम पटेल, सावित्री प्रजापति, टेकलाल जगत, सरजुराम सिन्हा, सावित्री साहू,सहित विद्यालयीन स्टाफ पूरे समय साथ रहे।