महासमुन्द

​महासमुंद के अधिकांश वीटीपी बंद, 4 साल से युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण नहीं मिल रहा
05-Aug-2025 5:10 PM
​महासमुंद के अधिकांश वीटीपी बंद, 4 साल से युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण नहीं मिल रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 अगस्त। शहर सहित अंचल भर के अधिकांश वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर (वीटीपी)सेंटर बंद होने से बीते 4 साल से युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। कोरोना काल वर्ष 2019-20 के पूर्व शहर में ही 2 दर्जन से अधिक ट्रेनिंग सेंटर्स थे। लेकिन अब अधिकांश ट्रेनिंग सेंटर बंद हो चुके हैं। स्थिति यह है कि शासन तथा कौशल विकास प्रशिक्षण चलाने के लिए विभाग को प्रशिक्षक संस्थाओं की तलाश करनी पड़ रही है। शासन की कठिन गाइड लाइन तथा अल्प समय में 3 वर्षों में दिये जाने वाले प्रशिक्षण की बाध्यता की वजह से प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं ने हाथ खड़ा कर दिया।

यही वजह है कि 4 साल से कौशल विकास प्रशिक्षण के अधिकांश वीटीपी सेंटर बंदर हो गये। अब मात्र शासन द्वारा चलाया जा रहा लाइवलीहुड कॉलेज में ही ट्रेनिंग मिल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण बंद होने की वजह से अब 10वीं, बारहवीं के बाद पढ़ाई छोडऩे वाले युवाओं के समक्ष अब रोजगार का विकल्प ही नहीं है। इससे बेरोजगारी की वजह से युवा अवसाद ग्रस्त होते जा रहे हैं। बीते 4 साल से बंद वीपीटी सेंटरों को खोलने के लिये शासन-प्रशासन द्वारा पूर्व में कंप्यूटर प्रशिक्षण ट्रेड चला चुके सुरेश शुक्ला का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार अंतर्गत युवाओं को शिक्षा के साथ हुनर मंद बनाए जाने हेतु मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना प्रारम्भ किया गया था।

 वर्ष 2018 से पहले राज्य मे प्रति वर्ष लगभग हजारों युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त होता था। 2018 के पश्चात् गाइडलाइन मे गैर जरुरी व अनावश्यक संशोधन कर गाइडलाइन को कारपोरेट के संचालन के अनुकूल तैयार किया गया। जिसके परिणाम स्वरुप तय मापदंड मे बहुत ही कम सामाजिक संस्थाओं द्वारा पंजीयन किया गया। फलस्वरूप छोटी संस्थाओं में ताले ही लग गए।

पढ़े लिखे युवाओं का कहना है कि गाइडलाइन के शर्तों का अनुमान आप इस आधार पर लगा सकते हंै कि शासकीय संस्थाओं द्वारा वीटीपी के रूप मे पंजीयन तो कराया गया। लेकिन प्रशिक्षण कराने मे इनके भी हाथ पैर फूल रहे हंै। योजना यदि लोकहित के लिए है तो इसे जन सुविधा योग्य सुगम व सरल बनाना चाहिए। इनका कहना है कि कौशल विकास प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य लोगों को नौकरी के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है। ताकि वे बेहतर आजीविका कमा सकें और आर्थिक रूप से स्वतंत्र हो सकें। यह प्रशिक्षण लोगों को नए कौशल सीखने, मौजूदा कौशल को बेहतर बनाने और बाजार में अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।

मालूम हो कि कौशल विकास प्रशिक्षण के कुछ विशिष्ट उद्देश्य हैं कि प्रशिक्षण लोगों को नौकरी बाजार में अधिक आकर्षक बनाता है, जिससे उन्हें नौकरी मिलने की संभावना बढ़ जाती है। इससे युवाओं को उच्च वेतन वाली नौकरियों या स्वरोजगार के अवसरों तक पहुंचने में मदद करता है। जिससे उनकी जीवन स्तर में सुधार होता है। प्रशिक्षण उद्यमियों को अपना व्यवसाय शुरू करने और चलाने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करता है। नवीनतम तकनीकों और उपकरणों का उपयोग करने के लिए यह आवश्यक कौशल प्रदान करता है। लेकिन प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की तैयारी नहीं की जा रही है, यह चिंतनीय है।

इसके तह प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन,नल जल मित्र मेशन, नर्सिंग, कम्प्यूटर, आईट इंजीनियरिंग साफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जाता है। अब इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई को भी जोड़ा गया है। लेकिन अब तक कोई भी प्रशिक्षण केन्द्र को नहीं खोला गया है। खासकर ग्रामीण इलाकों में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र बंद हो विकास प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है।

 इस संबंध में अशोक साहू जिला पंचायत सहायक संचालक ने बताया कि अब प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, नर्सिंग, कम्प्यूटर के साथ ही आईटी तथा एआई पर भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। वीटीपी सेंटर के लिये आवेदन आमंत्रित किया गया है। कोरोना काल के बाद कौशल विकास प्रशिक्षण के अनेक सेंटर्स बंद हुए हैं लेकिन पुन: उसे खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इस बार 500 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य मिला है।


अन्य पोस्ट