महासमुन्द
महासमुंद, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ की प्रांत स्तरीय बैठक का आयोजन रायपुर के गुरु घासीदास प्लाजा में रविवार को किया गया। इसमें महासमुंद जिलाध्यक्ष रामगोपाल खुंटे शामिल हुए। संघ के मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया गया। जिलाध्यक्ष खुंटे ने बताया कि बैठक में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया कि यदि 15 अगस्त तक सरकार की ओर से संघ की मांगों संविलियन.स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे का निर्धारण, कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता और लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
जिले के 450 और प्रदेशभर के 16हजार से अधिक एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इस बार संघ ने आपातकालीन सेवाओं को भी पूर्णत: बंद रखने का निर्णय लिया है।
श्री खुंटे ने कहा कि अब कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य हैं। सरकार से आग्रह है कि वह तत्काल संवाद स्थापित करे।