महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5अगस्त। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा पर कार्रवाई करते हुए 4 अन्तरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 3 लाख, 45हजार एवं एक कार कीमती 10 लाख रुपए, 4 मोबाइल कीमती 13 हजार रुपए बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार थााना कोमाखान क्षेत्र में 2 अगस्त को टेमरी नाका में चेकिंग दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध कार वाहन का पीछा किया। सूचना थी कि कार की पीछे डिक्की में अवैध रूप से गांजा रखकर विक्रय के लिये ओडिशा से महासमुंद की ओर आने वाली है। उक्त सूचना पर पुलिस की टीम ने टेमरी नाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करते वक्त उक्त कार को टेमरी नाके में रोका। वाहन में 4 व्यक्ति सवार थे।
नाम पता पूछने पर आरोपियों ने अपना नाम बसंत, शंकर दीप , देवराज नाग तथा संजय नाग सभी निवासी ओडिशा बताया। पुलिस की टीम ने ओडिशा से आने का कारण व कार में क्या रखना पूछे जाने पर टाल मटोल व गोलमोल जवाब देने लगे। जवाब में भिन्नता के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई।
वाहन के पीछे डिक्की में 01 सफेद रंग की बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। तौल कराने पर कुल 23 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपियों से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर ओडि़शा से खरीदकर रायपुर में बिक्री करना बताया। आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार, मोबाइल बरामद कर उनके विरूद्ध थाना कोमाखान में अपराध धारा 20ख, एनडीपीएस एक्ट के तहत् गिरफ्तार कर सभी चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। यह सम्पूर्ण कार्रवाई महासमुन्द पुलिस की टीम के द्वारा की गई।