महासमुन्द

नर्रा में 450 पैकेट खाद के लिए पहुंचे 520 किसान, एक किसान को एक बोरी मिला
04-Aug-2025 4:01 PM
नर्रा में 450 पैकेट खाद के लिए पहुंचे 520 किसान, एक किसान को एक बोरी मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,4अगस्त। जिले में 90 प्रतिशत खेती कार्य हो चुका है। किसानों को सोसायटियों से मिलने वाली खाद की किल्लत बनी हुई है। कल रविवार को नर्रा और परसुली सोसायटी में खाद लेने किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। नर्रा में 450 पैकेट खाद के लिए 520 किसान पहुंचे। इनमें से 200 को ही खाद मिल पाई बाकी 320 किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। गौरतलब है कि शासन-प्रशासन सोसायटियों मे पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने का दावा कर रहे हैं और उनका यह दावा झूठा साबित हो रहा है।

जिला सरकारी केन्द्रीय बैंक शाखा कोमाखान के अंतर्गत प्राथमिक साख सहकारी समिति पंक्र 1061 नर्रा सोसायटी के अंतर्गत आने वाले नर्रा, बिन्द्रावन, लोंदामुड़ा, कोकड़ी, मुड़पार,राटापाली, बहेराभांठा, झलमला, झिटकी इत्यादि गांवों के किसानों की भीड़ रविवार को खाद लेने उमड़ पड़ी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किसानों की भीड़ लगी रही। जब तक सोसायटी से खाद पूरा खतम नहीं हो गया तब तक किसान खाद की आस में सोसायटी में ही जमे रहे।

इस दौरान एक एकड़ में सिर्फ एक ही बोरी यूरिया खाद मिलने से किसानों के चेहरे में मायूसी छाई रही। वहीं परसुली सोसाइटी प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि शुक्रवार को परसली सोसाइटी में 450 पैकेट शक्रवार को आया था और 95 किसानों को वितरण किया गया। 0 उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। जिन सोसायटियों में खाद वितरण हो चुकी है, वहां खाद की आपूर्ति जल्द कराया जाएगा। किसान गोविंद, सुरेश और बलराम ने बताया कि सोसायटी में एक एकड़ में एक पैकेट ही यूरिया खाद मिल पा रहा है। खाद की किल्लत बनी हुई है। खेत में फसल को अधिक खाद की आवश्यकता है। खाद को बाहर से महंगे दामों में खरीदना पड़ रहा है। कई किसानों को खाद मिल ही नहीं पाई है।


अन्य पोस्ट