महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अगस्त। शनिवार को बोलबम कांवरियों का विशाल जत्था ग्राम बम्हनी से श्वेत गंगा का पवित्र जल लेकर ऐतिहासिक नगरी सिरपुर स्थित बाबा गंधेश्वरनाथ महादेव के दरबार की ओर रवाना हुए।
कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में शिवभक्ति की अद्भुत छवि देखने को मिली।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत बम्हनी स्थित श्वेत गंगा से किया गया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु कांवरियों ने पवित्र जल भरकर लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक नगरी सिरपुर के लिए निकले। यात्रा के दौरान महासमुंद शहर में विभिन्न स्थानों पर कांवरियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रास्ते भर जगह-जगह पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। जलपान और भंडारे की व्यवस्था की गई।
शहर के प्रमुख चौराहों पर भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों और भजनों की गूंज रही। कई स्थानों पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। जहां भक्तगण भोलेनाथ की भक्ति में झूमते नजर आए। महासमुंद के बीटीआई रोड स्थित कलेक्टर बंगला से लेकर ओवर ब्रिज तक विभिन्न समूहों ने भंडारा का आयोजन किया।
नगरवासियों और श्रद्धालु कांवरियों ने भंडारा में प्रसाद ग्रहण कर आगे बढ़े।
बम्हनी से लगभग 7 हजार से अधिक कांवरियों का जत्था सिरपुर के लिए रवाना हुए है। कांवरियां सोमवार तक सिरपुर पहुंचेंगे। कंधों पर कांवड़ उठा, सिरपुर की ओर बोल बम के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। भजन संध्या के आयोजनों ने शहर के माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्तों की यह जत्था सोमवार की सुबह सिरपुर पहुंचकर बाबा गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेगा।