महासमुन्द

कोटनपाली में रामायण महोत्सव
02-Aug-2025 4:35 PM
कोटनपाली में रामायण महोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 2 अगस्त। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कोटनपाली में आयोजित  रामायण महोत्सव पूर्व संसदीय सचिव एवं वर्तमान खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार के चित्र की पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति की भावना व्याप्त रही।

इस रामायण महोत्सव में महासमुंद जिले सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों से आईं रामायण मंडलियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। विभिन्न मंडलियों द्वारा प्रस्तुत रामायण गायन ने जनमानस को भाव-विभोर कर दिया। विधायक द्वारिकाधीश यादव ने मंच से उपस्थित श्रद्धालुजनों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हे राम तुम्हारा चरित्र तो स्वयं काव्य है’ कोई कभी बन जाए यह सहज संभाव्य है। श्री यादव ने कहा कि भगवान राम के जीवन चरित्र पर आधारित यह रामचरितमानस मानव समाज के लिए एक आचार संहिता है। रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि यह मानव जीवन के लिए एक दिशा-निर्देशक ग्रंथ है। भगवान श्रीराम के चरित्र में एक आदर्श पुत्र, आदर्श भाई, आदर्श पति, आदर्श राजा एवं सबसे बढक़र एक आदर्श मानव के गुण समाहित हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में यदि कोई सबसे अधिक प्रासंगिक ग्रंथ है, तो वह है गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस। इससे हमें सच्चरित्रता, संयम, सहनशीलता, कर्तव्यपरायणता एवं सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा मिलती है। विधायक यादव ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे रामायण के मूल्यों को जीवन में अपनाएं, ताकि वे एक बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीराम केवल एक राजा नहीं थे, वे लोकनायक थे, जिन्होंने त्याग और कर्तव्य का जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह युगों-युगों तक मानवता का पथ प्रशस्त करता रहेगा।

इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालुजन, एवं ग्रामीण जन बड़ी संख्या में  उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा विधायक द्वारिकाधीश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने इस धार्मिक आयोजन को अपनी गरिमामयी उपस्थिति से गौरवान्वित किया।

इस दौरान प्रमुख रूप से तेजन चंद्राकर राजू चंद्राकर, चमन चंद्राकर, सदा राम साहू, भरोसा ठाकुर, राम प्रवेश पारकर, चोवा राम साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक जन एवं बड़ी संख्या में माताएं बहने उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट