महासमुन्द

कोल्दा का उपस्वास्थ्य केंद्र भवन कंडम, सीलिंग से गिर रहे प्लास्टर
02-Aug-2025 4:26 PM
कोल्दा का उपस्वास्थ्य केंद्र भवन कंडम, सीलिंग से गिर रहे प्लास्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 अगस्त। जिले के बागबाहरा ब्लॉक के अधीन ग्राम पंचायत कन्हरपुरी के आश्रित ग्राम कोल्दा का उपस्वास्थ्य केंद्र भवन जर्जर हो चुका है। केंद्र में 6 कमरे हंै और सभी की स्थिति खराब है। ओपीडी रूम, प्रसूति कक्ष सहित स्टाफ  क्वार्टर के सीलिंग के प्लास्टर गिर रहे हैं। जबकि रोजाना 20 से 25 मरीज इलाज करवाने पहुंचते हैं। स्थिति को जानते हुए भी लोग खतरों से खेलकर इलाज करवाने मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि 13 साल पहले ग्राम पंचायत एजेंसी से उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया गया था। देखरेख और मेंटनेंस के अभाव के चलते भवन मात्र 13 साल में ही भवन जर्जर हो गया। इस उपस्वास्थ्य केंद्र भवन को साल 2022 में लगभग 3 लाख 50 हजार रुपए की राशि से मरम्मत कार्य कराया गया था। लेकिन महज 3 साल में ही उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग इस तरह हो चुकी है। लगभग 800 आबादी वाले इस कोल्दा ग्राम में प्रतिदिन लगभग 20 से 25 ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग स्वास्थ्य लाभ के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र कोल्दा पहुंचते है।

          ग्रामीणों ने जर्जर बिल्डिंग की शिकायत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खल्लारी के ऑफिसर डॉक्टर दिलीप सतपथी को दे दी है। लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। जबकि विभाग के बड़े अधिकारियों को एक साल पहले ही अवगत करा दिया गया है। ग्रामीण गणराज साहू, येतराम साहू और अशोक साहू का कहना है कि शासकीय योजनाओं से हमेशा ग्राम कोल्दा को अछूता रखा गया है। गांव में विकास नहीं होने के कारण से ग्रामीणों ने बीते 10 सालों से राज्य में होने वाले प्रत्येक चुनाव का बहिष्कार करते हैं। हर बार ग्रामीण बात रखते हैं कि ग्राम पंचायत कन्हारपुरी आश्रित ग्राम कोल्दा से लगभग 10 किलोमीटर दूर होने से गांव का विकास नहीं हो पा रहा है। लेकिन आज तक इस गांव की अनदेखी की गई है।


अन्य पोस्ट