महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। लोक निर्माण विभाग ने सरायपाली उपसंभाग की तत्कालीन एसडीओ शिखा पटेल और सब इंजीनियर अरविंद कुमार देवांगन को लोक निर्माण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई सडक़ और भवन मरम्मत राशि में गड़बड़ी मामले को विधानसभा में सरायपाली विधायक चातुरी नंद के द्वारा उठाने के बाद की गई है।
लोक निर्माण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के उप सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार महासमुंद संभाग अंतर्गत उपसंभाग सरायपाली में साधारण मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कार्य में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच के संबंध में मुख्य अभियंता, लोनिवि परिक्षेत्र रायपुर द्वारा गठित जांच समिति के जांच प्रतिवेदन में शासकीय हाई स्कूल भवन सरायपाली एवं शासकीय हाईस्कूल भवन मंदिर में प्लास्टर मरम्मत एवं पुट्टी कार्य किया जाना नहीं होना पाया गया था। साथ ही ब्लाक कॉलोनी एच टाइप क्वार्टर में पुताई का कार्य होना नहीं पाया गया। एसडीओ एग्रीकल्चर क्वार्टर भवन में भी कार्य का होना नहीं पाया गया था। इसी तरह तहसील कार्यालय सरायपाली में कार्य होना नहीं पाया गया। शासकीय कन्या हाईस्कूल सरायपाली में पोस्ट वाटर प्रूफिंग का कार्य होना नहीं पाया गया तथा पांच नग एच टाइप क्वार्टर में कार्य होना नहीं पाया गया था।
गौरतलब है कि विधायक चातुरी नंद ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था जिस पर जांच में सडक़ और भवन मरम्मत राशि में गड़बड़ी पाई गई है और उसी गड़बड़ी के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार शिखा पटेल, तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी, लोनिवि उपसंभाग सरायपाली द्वारा राशि रुपए एक लाख 51 हजार का माप दर्ज किया गया। अरविंद किशोर देवांगन तत्कालीन प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी द्वारा रुपए बारह लाख 77 हजार का माप दर्ज किया गया। जांच कुल राशि 14.28 लाख रुपए का माप रिकार्ड दर्ज किया गया। जो वास्तव में कार्य हुआ ही नहीं है।
अत: शासन ने इस प्रकार शासकीय राशि का गबन प्रथम दृष्टया पाये जाने एवं सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन उचित तरीके से नहीं किये जाने के फलस्वरुप शिखा पटेल, तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी, लोनिवि उपसंभाग सरायपाली एवं अरविंद किशोर देवांगन तत्कालीन प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी, लोनिवि उपसंभाग सरायपाली को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय कार्यालय प्रमुख अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण भवन, नवा रायपुर अटल नगर में निर्धारित किया है।
अस्पताल में कराएं प्रसव -कलेक्टर
दंतेवाड़ा 1 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा बालूद एवं पोन्दुम पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्रों) का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा समीक्षा की गई। केंन्द्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए एएनसी (एंटी नेटल केयर) जांच, ओपीडी सेवाएं, औषधि आपूर्ति, टीकाकरण, रिकॉर्ड संधारण सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती माताओं को समय पर आवश्यक जांच, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां, पोषण परामर्श तथा संस्थागत प्रसव की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने निक्षय निरामय योजना के अंतर्गत क्षय रोगियों को दी जा रही सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की।
तथा वय वंदना योजना के लाभार्थियों की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से सेवा प्रदाय की गुणवत्ता, मरीजों की संख्या और नियमित उपस्थिति के विषय में चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में एन्टीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने उपस्थित स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि वय वंदना और आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों के ट्रेसिग के लिए क्षेत्र में शत-प्रतिशत स्वास्थ्य स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाकर शिविर का आयोजन करें।
उन्होंने आगे कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्वास्थ्य सेवाएं सिर्फ मरीजों को दवा देने तक सीमित नहीं है इसके अलावा सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता फील्ड में जाकर सक्रिय रूप से कार्य करना भी जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से घर-घर जाकर लोगों की जांच, जागरूकता तथा सेवाओं की पहुंच को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंनें बालूद के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों को नियमित रूप से अंडा उपलब्ध कराया जाने की बात कही।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एसडीएम श्री मूलचंद चोपड़ा, जनपद सीईओ दंतेवाड़ा, कटेकल्याण और जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. अम्बस्ट मौजूद थे।