महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई। आजकल ऑनलाइन ठगी के कई मामले देखने को मिल रहे हैं। ठग कई तरह से ठगी को अंजाम देने लगे हैं। कभी लिंक भेजकर, कभी फर्जी अफसर बनकर कॉल करके तो कभी ओटीपी आदि से ऑनलाइन ठगी करते हैं। जिले के बसना थाने में ऑनलाइन फ्रॉड का एक और मामला दर्ज कराया गया है। जिसमें आरोपी ने व्हाट्सएप्प में पीडीएफ भेजकर ठगी की। पीडीएफ डाउनलोड करने पर खाते से 83 हजार 600 रुपए कट गये।
बसना थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, धनपति अग्रवाल ग्राम कोतना थाना झारबंद जिला बरगढ़ ओडिशा अपने गांव में किराना दुकान चलाता है। उसका पंजाब नेशनल बैंक बसना में खाता है।
6 अगस्त 2024 को दोपहर 1.32 बजे उनके वाट्सएप पर अज्ञात जिसका नाम संजय कुमार दिखा रहा था। उसने एक कस्टमर सपोर्ट नाम से एक पीडीएफ भेजा। जिसे धनपति ने डाउनलोड किया। 7 अगस्त 2024 को फिर व्हाट्सएप मैसेज आया। जिसमें लिखा था कि सर आपको एक से डेढ बजे तक कॉल आएगा आप रिसीव करके एक्टिवेट करा लीजिये। इसके बाद धनपति के पास कई अनजान लोगों का कॉल आना शुरू हुआ तो धनपति ने सभी नंबर को ब्लॉक कर दिया। किसी भी नंबर को उन्होंने रिसीव नहीं किया।
25 सितम्बर 2024 को धनपति अपनी पत्नी के इलाज के लिए अपने अकाउंट में कितना पैसा है कहकर कस्टमर केयर से चेक किया तो पता चला कि उनके खाते में मात्र 7.85 रुपए थे।
प्रार्थी धनपति ने पंजाब नेशनल बैंक बसना जाकर लिखित आवेदन देकर स्टेटमेंट मांगा तो पता चला कि उनके एकाउंट से 19 सितम्बर 2024 को 80 हजार रुपए, 3600 रुपए तथा 20 सितम्बर 2024 को 01 रुपए ट्रांजेक्शन खाता धारक विराट कुमार को बैंक के माध्यम से हुआ है। धनपति ने तत्काल अपने खाते को फ्रिज करवाया गया और टोल फ्री नंबर 1930 में कॉल कर सायबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई। मामले की शिकायत के बाद पुलिस 28 जुलाई 2025 को आरोपी खाता धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 318-4 के तहत मामला दर्ज किया है।