महासमुन्द

पांच दिन से लापता युवक की मिली लाश
30-Jul-2025 4:30 PM
पांच दिन से लापता युवक की मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 30 जुलाई। पांच दिन से लापता 25 वर्षीय युवक अमित चौधरी की रहस्यमयी गुमशुदगी के बाद पिथौरा पुलिस एवं साइबर सेल ने कल मुख्य आरोपी से कड़ी पूछताछ की और गुमशुदा अमित का शव पिलवापाली मार्ग पर बाघ नदी में कोई 600 फ़ीट बहाव की दिशा में रेत में बरामद कर लिया। शव को पंचनामा के पश्चात पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया गया है। बहरहाल इस मामले में पुलिस पत्रकारों को अभी आरोपियों से दूर रख रही है। आज शाम या कल पुलिस प्रेस नोट के जरिये पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। गुमशुदा अमित चौधरी की हत्या की गुत्थी पिथौरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने सुलझा ली है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अब तक एक नाबालिग सहित कुल छह युवकों को हिरासत में लेकर पूरा मामला सुलझाने में जुटी है। सूत्र बताते हंै कि अमित की हत्या का कारण पुरानी रंजिश ही बनी है। इस मामले में मुख्य आरोपी राज तिवारी पुलिस की गिरफ्त में है। बताया जाता है कि अमित की जली दुपहिया मिलने के बाद से वह फरार था, परन्तु पुलिस को उसे कोमाखान के पास पकडऩे में सफलता मिली थी।

बदले की भावना से रची गई हत्या की साजिश बताया जाता है कि अमित की ह्त्या की मुख्य वजह आपसी रंजिश थी। कोई माह भर पहले दोनों पक्षों में हुए विवाद के बाद अपने अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अमित की हत्या करने साजिश रची थी। आरोपियों ने हत्या के बाद पिलवापाली बाघ नदी में शव को दफनाया था जिसे बीती रात पुलिस ने शव को नदी से बरामद कर लिया।

इससे पहले 27 तारीख़ को अमित की जली हुई मोटरसाइकिल जंगल में मिली थी। मृतक अमित चौधरी बजाज फाइनेंस कंपनी में कार्य करता था।

 उक्त हत्याकांड के पुरे मामले को सुलझाने महासमुंद एडिशनल एसपी लगातार पिथौरा थाना में डटी है।


अन्य पोस्ट