महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। स्थानीय जनपद सदस्य एवं संचार संकर्म सभापति सुधा चन्द्राकर ने पत्र लिखकर एवं दूरभाष से चर्चा कर राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में सडक़ से लगकर बसे ग्राम कांपा, खटटीडीह चौराहे पर हाई मास्क लाईट लगाने की मांग की है। उन्होंने कलेक्टर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी रायपुर कार्यालय लालचंद साहू को जानकारी दी है कि पिछले कुछ महीनों से गायों का समूह रात के समय सडक़ों पर बैठती हैं। यहां अंधेरा होने के कारण 6 से ज्यादा लोगों की सडक़ दुर्घटना में मौतें हुई हैं। साथ ही 22 से ज्यादा गौ धन की अज्ञात वाहनों से टकराने के कारण अकाल मृत्यु हो गई है। उक्त चौक पर शाने पंजाब ढाबा, रिलायंस पेट्रोल पंप, टायर दुकान, कृषि महाविद्यालय एवम बालक बालिका हॉस्टल संचालित है। साथ ही 10 से 15 व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालित है। साथ ही यह चौराहा कांपा, गोपालपुर, खट्टीडीह, मुस्की गांव के लिए प्रमुख स्थल है। इस वजह से भी रात तक काफी भीड़भाड़ होती है। यहां 2 से भी ज्यादा ढाबा एवम पेट्रोल पंप संचालित होने के कारण रात तक सडक़ किनारों पर ट्रकें खड़ी रहती है। जिस कारण गम्भीर दुर्घटना एवम जनधन की हानि लगातार होती रही है। अत: उक्त स्थल की व्यस्तता, मानव एवं पशुधन सुरक्षा का ध्यान रखते हुए अविलम्ब कांपा-खट्टीडीह चौक पर हाई मास्क लाईट एवम स्टॉपर लगाने की कृपा करें।