महासमुन्द

सोमवार की पहट गंधेश्वर महादेव का करेंगे जलाभिषेक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जुलाई। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने बम्हनी से हजारों कांवडिय़े शनिवार शाम से सिरपुर के लिए रवाना हुए हैं। सभी कांवडिय़े रविवार को सिरपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। पश्चात सोमवार की पहट से ही गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण करेंगे।
आज बम्हनी से सिरपुर तक शिवभक्तों का सैलाब है। जगह-जगह रास्ते कांवडिय़ों के लिए जलपान और भक्ति संगीत का आयेजन किया जा रहा है। बरसते पानी में कांवडिय़ों का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे बगैर चप्पल, गेरुआ रंग के कपड़े पहन, कंधे पर कांवर सजा यात्रा पर हैं।
सावन माह का तीसरा सोमवार कल 28 जुलाई को है। अत: शनिवार शाम से बम्हनी के बम्हनेश्वर नाथ कुंड से जल लेकर कांवडिय़े सिरपुर के गंधेश्वर महादेव तक जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। हर साल हजारों की संख्या में कांवडिय़े सिरपुर पहुंचते हैं। अनवरत बारिश के बीच भी कांवरियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
शनिवार की रात 8 बजे तक 8 हजार से अधिक कांवडिय़ों के सिरपुर पहुंचने की खबर है। लिहाजा महासमुंद से सिरपुर तक की सडक़ों पर कांवडिय़ों का रैला दिख रहा है।
महासमुंद शहर के विभिन्न चौराहों पर इस बार भी बम्हनी से गंगाजल लेकर सिरपुर की ओर जा रहे कांवडिय़ों के लिये भंडारा तथा जलपान की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पंडालों पर रामायण व भजन संध्या के कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति देते हुए कांवरियों का उत्साह बढ़ाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अनेक कांवरिये शनिवार की रात 10 बजे के बाद निकलते हैं, जो सुबह सिरपुर पहुंचकर विश्राम करते हैं बाद सोमवार का पट खुलते ही जलाभिषेक करते हैं।
गंधेश्वर मंदिर के पुजारी के अनुसार सोमवार की पहट से ही गंधेश्वर महादेव में जलाभिषेक शुरू हो जाता है। यहां कांवर यात्रियों के लिए यहां समिति की ओर से भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। साथ ही भजन संध्या का आयोजन भी किया गया है।
जानकारी मिली है कि इसी तरह तुमगांव का एक कांवरिया दंडवत प्रणाम करते हुए सिरपुर के लिए यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने मौन व्रत ले रखा है।
उनके साथ चल रह कांवरियों ने बताया कि भोलेनाथ रिझाने वे दंडवत प्रणाम करते हुए कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। अनुमान है कि कल सुबह तक 10 हजार से अधिक कांवर यात्री सिरपुर जलाभिषेक करने पहुंचेंगे।