महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26जुलाई। शुक्रवार को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को जानकारी हुई कि कोटवारों को वेतन संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कोटवार स्थानीय रायपुर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में पहुंचे थे। विधायक श्री सिन्हा त्वरित बैंक पहुंचे। कोटवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
कोटवारों ने बताया कि उनका वेतन अभी तक उन्हें नहीं मिल पाया है। इस कारण उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने तुरंत शाखा प्रबन्धक से इस विषय को लेकर चर्चा की एवं समस्या का निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। विधायक के निर्देश पर शाखा प्रबन्धक द्वारा तकनीकी समस्याओं को दूर कर त्वरित कोटवारों का वेतन भुगतान किया गया। इस पर कोटवारों ने विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। हर वर्ग के साथ न्याय और समानता का व्यवहार किया जा रहा है।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, भाजपा शहर मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप घोष, अखिलेश लूनिया उपस्थित थे।