महासमुन्द

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद,13जुलाई। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयापारा में कल नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धिए भौतिक संसाधनों की उपलब्धता और सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रभारी कर्मचारी ने स्वास्थ्य केंद्र में मिलने वाले स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी तथा आने वाले समय में सेवाओं में सुधार होने की बात कही। अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि शहर की सबसे बड़ी आबादी नयापारा क्षेत्र के लोगों के लिए यह स्वास्थ्य केंद्र अत्यंत उपयोगी है। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी अच्छी स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद लेकर यहां उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में मरीजों के लिए संपूर्ण सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो इसका विशेष ध्यान रखें। श्री साहू ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ.सफाई की स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी गण उपस्थित थे।
जीवन दीप समिति की बैठक के दौरान नपाध्यक्ष श्री साहू को यह जानकारी मिली कि यहां स्टाफ नर्स के रूप में मोहिनी यादव द्वारा नि:शुल्क सेवा प्रदान की जा रही है। जिस पर उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंटकर मोहिनी का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि श्रीमती मोहिनी द्वारा दी जा रही नि:शुल्क रूप से निस्वार्थ सेवा अत्यंत प्रेरणास्पद है। उनके समर्पण व मरीजों के प्रति सेवा भाव को हम प्रणाम करते हैं। ऐसे सेवा भावी व्यक्तित्व से समाज में परिवर्तन आता है।