महासमुन्द

निकासी नहीं, हल्की बारिश में ही बस स्टैंड जलमग्न
08-Jul-2025 3:50 PM
निकासी नहीं, हल्की बारिश  में ही बस स्टैंड जलमग्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 8 जुलाई। नगर के एकमात्र बस स्टैंड गौरव पथ बनते ही तालाब बन गया है। थोड़ी बारिश में ही बस स्टैंड से पानी बाहर जाने की व्यवस्था नहीं होने से पानी भर जाता है, जिससे बस स्टैंड में आम लोगों की आवाजाही बंद हो जाती है। ज्ञात हो कि गौरव पथ निर्माण के पूर्व तकनीकी अफसरों ने अच्छी खासी लागत का एस्टीमेट तो बनाया, परन्तु इसमें जन सुविधा का ध्यान बिल्कुल भी नहीं रखा गया। लिहाजा बस स्टैंड एवं नगर के वार्ड 10, 11 एवं 15 के निवासियों के लिए बरसात एक बड़ी मुसीबत बन कर सामने आई है, क्योंकि आम नागरिकों के घर सडक़ से काफी नीचे हो गए हैं, जिसमें पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।

 

कुछ ऐसे ही हालात बस स्टैंड के हैं, यहां बारिश में पानी भरेगा, यह जानते हुए भी पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। बल्कि सडक़ के बीच बड़े  गड्ढे कर पानी निकासी के प्रयास किए गए। इस प्रयास से पानी की निकासी तो नहीं हो पाई, परन्तु अनेक दुपहिया एवं कारें जरूर दुर्घटनाग्रस्त होती रही है।

बहरहाल, गौरव पथ बनाने वाली एजेंसी नगर पंचायत एवं ठेकेदार के इंजीनियर अब बस स्टैंड से पानी निकासी के लिए कौन सी तकनीक अपनाते हंै। इसका इंतजार बस स्टैंड के व्यवसायी एवं वाहन संचालक कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट