महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून। सिरपुर में शराब पीकर विवाद और मारपीट करने वाले बड़े भाई से परेशान होकर नींद में उसकी हत्या करने वाले आरोपी छोटे भाई को सत्र न्यायाधीश अनीता डहरिया ने सश्रम आजीवन कारावास और एक सौ रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड नहीं पटाने पर 1 माह का साधारण कारावास उसे अलग से भुगतना होगा। सिरपुर में हुई इस हत्या की सुनवाई 9 माह 9 दिन में पूरी करते हुए सत्र न्यायाधीश डहरिया ने यह सजा सुनाई है।
अभियोजन के अनुसार ग्राम सिरपुर वार्ड-2 निवासी पीलूराम ध्रुव ने थाना तुमगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कृषि कार्य करता है। वे 2 भाई हैं। बड़ा भाई पीलाराम आये दिन शराब पीकर आता था और छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। 30 जून 2024 को भी रात में पीलाराम ने उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट से तंग आ गया था। रात करीब 10.30 बजे भी उसके साथ उसने मारपीट की और कूलर चालू कर सो गया। तब उसने बड़े भाई को जान से मार देने का मन बनाया और रात करीब 11 बजे लोहे की टंगिया से उसने उसके सिर व चेहरे पर वार कर टंगिया को बगल के खंडहर में फेंक दिया। हमले में पीलाराम की मौत हो गई। बाद में खुद उसने तुमगांव थाने जाकर रिपोर्ट की थी।