महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जून। शहर सहित जिले के ग्रामीण अंचलों में कल रथयात्रा हर्षोल्लास से निकली। सभी स्थानों पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के साथ रथ में सवार होकर भक्तों को दर्शन देने के लिए निकले थे। लोगों ने भगवान के दर्शन किये और छोटे-छोटे बच्चों को रथ का स्पर्श करा आशीर्वाद लिया। रथ यात्रा के दौरान कल मौसम भी खुशनुमा रहा, जिससे लोगों में दुगुना उत्साह देखा गया।
हर साल की तरह इस बार भी अंचल में धूमधाम के साथ रथयात्रा का पर्व मनाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां रथयात्रा के दौरान गांवों में भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं शहर में भी भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त भीड़ में रथ को रस्सी से खींचा रहे थे और आगे-आगे कीर्तन दल बाजे-गाजे के साथ रथ की अगुवाई कर रहे थे।
महासमुंद जिला मुख्यालय में हर साल श्रीराम मंदिर से रथयात्रा निकाली जाती है। यहां से गांधी चौक होते हुए नेहरू चौक, तुमगां चौक होते हुए रथ महामाया मंदिर में पहुंचती है। यहां से श्रध्दालु अपने निवास पर उन्हें आने का आमंत्रण देते हैं। इसे मौसी का घर कहा जाता है। भगवान जगन्नाथ आगामी नवमीं तिथि तक भक्तों को दर्शन देते हैं तथा दसवें दिन पुन: जगन्नाथ भवन सुभाष नगर से बाहुड़ा यात्रा के साथ तीनों देव वापस अपने धाम पहुंचेंगे।
कल रथ यात्रा के दौरान सभी मार्गों पर भक्तों ने जगह-जगह स्वागत कर पूजा अर्चना किया। लोगों ने फूल, दीया, प्रसाद के साथ पूजा थाली सजाकर रथ में सवार भगवान की पूजा की। साथ ही छोटे बच्चों को भी रथ का स्पर्श कराते हुए भगवान का आशीर्वाद लिया। रथ यात्रा के दौरान मार्ग में पुलिस की टीम भी यातायात व्यवस्था दुरूस्त करते नजर आये। वहीं चौक-चौराहों व मुख्य मार्ग पर जगह-जगह यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की टीम तैनात रही। इस दौरान मेले सा माहौल रहा।