महासमुन्द

नेत्रहीन यश को बीस हजार देने का वादा था, 19 माह बाद भी पूरा नहीं
26-Jun-2025 3:14 PM
नेत्रहीन यश को बीस हजार देने का  वादा था, 19 माह बाद भी पूरा नहीं

तीन-चार बार मुख्यमंत्री निवास रायपुर भी गये लेकिन सुरक्षा सैनिक दरवाजे से ही हकाल कर वापस भेज देते हैं...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 जून। बुधवार 25 जून को जब छत्तीसगढ़ कालेज महासमुंद के सभाकक्ष में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आपातकाल के पचासवें  बरस पर आयोजित एक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे थे। उसी सभाकक्ष में एक नेत्रहीन दिव्यांग नवयुवक बैठा था, जिसे एक अन्य उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डेढ़ बरस पहले 20 हजार रुपए अनुदान देने की घोषणा की थी। यह युवक महासमुंद के वार्ड 22 में रहता है और कल भी एक सहारे के साथ उपमुख्यमंत्री से उसी 20 हजार रुपए के बारे में बात करने आया था, जिसका वादा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया था। जैसा कि हर बार होता आया है, कल भी उपमुख्ययंत्री अरुण साव भाजपा के साथियों संग मुलाकात कर लौट गये, लेकिन गिनती की भीड़ के बावजूद उक्त दिव्यांग से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई।

        

  इस युवक का नाम यश कुमार साहू है। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि जनवरी 2024 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से उन्होंने काम धंधे खोलने के लिए अनुदान राशि की मांग को लेकर मुलाकात की थी। तब श्री शर्मा ने यश कुमार को 20 हजार रुपए देने की घोषणा की थी। तभी से अब तक डेढ़ साल बीत गए, लेकिन वादा पूरा नहीं हो सका। चूंकि यश कुमार दोनों आंखों से देख नहीं सकता। इसलिए किसी न किसी का सहारा लेकर वह मंत्रियों के कार्यक्रमों में पहुंचता है, लेकिन मंत्रियों से भेंट नहीं हो पाती। यदि भेंट हो भी जाए तो कह दिया जाता है कि जल्दी ही रकम भिजवा देंगे।

यश कुमार बताता है कि  तीन-चार बार मुख्यमंत्री निवास रायरपुर भी गए, लेकिन सुरक्षा सैनिक दरवाजे से ही हकाल कर वापस भेज देते हैं। महासमुंद के एक भाजपा नेता से बार-बार अनुरोध करते हैं कि उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा जी से मुलाकात करवा दीजिए। लेकिन बस टालमटोल होती है। यश कुमार साहू तीन भाईयों में सबसे छोटा है। पिता बेनीराम साहू सायकिल स्टोर में काम करते हैं। घर के लोगों का गुजर-बसर बहुत गरीबी में होता है। इसलिए महज पांचवीं तक पढ़ा लिखा यश कुमार कुछ काम धंधा करके परिवार के भरण-पोषण में अपने पिता का साथ देना चाहता है। यही कारण है कि वह ऐसे कार्यक्रमों में किसी न किसी सहारे के साथ जरूर पहुंच जाता है लेकिन मुलाकात नहीं होती।


अन्य पोस्ट