महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जून। महासमुंद जिले में मानसून की एंट्री के साथ मौसम का मिजाज भी बदल गया है। महासमुंद जिले में 24 जून को 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। यहां अब तक 61 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। आगामी दिनों में भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चक्रवात और द्रोणिका के असर से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। कल बुधवार से वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे पहले 24 जून को महासमुंद में 18 मिमी, सरायपाली में 22 मिमी, बसना में 15 मिमी, पिथौरा में 22 मिमी, बागबाहरा में 25.2 मिमी और कोमाखान में 9.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक जून से अब तक महासमुंद में 78 मिमी, सरापाली में 64 मिमी, बसना में 49 मिमी, पिथौरा में 46 मिमी, बागबाहरा में 77 मिमी, कोमाखान में 51 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बीते सोमवार से अब तक जिले के अधिकांश हिस्सों में जमकर बारिश हुई है। पूरे जिले में मानसून सक्रिय है। मानसून की दस्तक के साथ ही कृषि कार्य में भी तेजी आई है। आज सुबह तेज बारिश के बाद समाचार लिखते तक काले घने बादल छाए हुए हैं। रुक-रुक कर रिमझिम बारिश जारी है। कृषि वैज्ञानिक एसके वर्मा के अनुसार अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है। कृषकों को खरीफ फसलों की बोआई के पूर्व खेतों को मिट्टी पलट ने हल का प्रयोग गहरी जोताई के लिए करने की सलाह दी गई है। किसानों को मौसम साफ रहने पर ही खरपतवार का उपयोग करने की सलाह दी गई है।