महासमुन्द
महासमुंद, 25 जून। सरायपाली क्षेत्र में सिंघोड़ा थाना अंतर्गत घेसपाली में दो लोगों के बीच वाद-विवाद पर एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
थाना से मिली जानकारी अनुसार सादराम यादव ग्राम घेसपाली ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 22 जून को वह और उसके गांव का पुमेश्वर चौधरी खेत का काम करके वापस घर जा रहे थे। इसी बीच परसकोल पुलिया के पास दोपहर लगभग 3. 30 बजे उसका छोटा भाई सेतराम यादव और ग्राम बाराडोली का प्रेम सारथी किसी बात को लेकर वाद विवाद कर रहे थे। इसी दौरान प्रेम सारथी ने उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज किया और अपने पास रखे चाकू से जान से मारने की नीयत से उसके सेतराम के गले में और पीछे कमर में प्राणघातक हमला कर दिया। इससे सेतराम चिल्लाने लगा और आवाज सुनकर वे लोग उस तरफ दौडऩे लगे तो प्रेम सारथी भाग गया। सेतराम घायल अवस्था में गिर पड़ा, जिसकी जानकारी सेतराम के बडे बेटे खगेश्वर यादव और गिरधर यादव को दिये। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और घायल को 112 वाहन में सरायपाली अस्पताल ले गये। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रिफर किया गया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 109-1, 296, 351-2 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।