महासमुन्द

योगा संगम एवं हरित योग थीम पर 21 को महासमुंद में भव्य आयोजन, पंजीयन 20 तक
18-Jun-2025 7:02 PM
योगा संगम एवं हरित योग थीम पर 21 को महासमुंद में भव्य आयोजन, पंजीयन 20 तक

महासमुंद,18 जून। ग्यारहवां अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर महासमुन्द जिले में आगामी 21 जून 2025 को थीम योगा संगम एवं हरित योग निर्धारित की गई है। जिसका उद्देश्य योग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जनसामान्य के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है। इस बार योग दिवस का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विकासखंड, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इेन सभी आयोजनों की जानकारी एवं सहभागिता का विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाना है। जिले के सभी नागरिक, शासकीय एवं निजी संस्थान, विद्यालय तथा महाविद्यालय 20 जून 2025 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। यह पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह सरल, त्वरित एवं डिजिटल है। जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों, नगर एवं जनपद मुख्यालयों, शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि वे योग संगम पंजीकरण पोर्टल पर नागरिकों का अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करें और उन्हें कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने विभाग प्रमुखों, ग्राम पंचायत सचिवों, सरपंचों, जनपद सीईओ, स्कूल प्राचार्यों एवं महाविद्यालय प्रशासन से आह्वान किया है कि वे इस आयोजन को जन आंदोलन का रूप दें। कलेक्टर ने जिले के प्रत्येक कोने से एवं प्रत्येक वर्ग से जन सहभागिता सुनिश्चित करने अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का योग दिवस को ऐतिहासिक और यादगार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आओ जुड़े योग से-स्वस्थ तन, सुखी मन और सशक्त समाज के लिए।


अन्य पोस्ट