महासमुन्द

नियम को दरकिनार कर शौचालय प्रोत्साहन राशि दी, जगत पंचायत सचिव निलंबित
17-Jun-2025 3:43 PM
नियम को दरकिनार कर शौचालय प्रोत्साहन राशि दी, जगत पंचायत सचिव निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 जून। जिले के ग्राम पंचायत जगत का स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना में जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदारों को शौचालय प्रोत्साहन राशि देने के मामले में आरोपित सचिव हेतराम पटेल के विरूद्ध कार्रवाई नहीं करने की शिकायत पर निलंबित कर दिया गया है।  आरोप है कि इस मामले में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक ने कार्रवाई नहीं की तो आवेदक ने सम्पूर्ण मामले की शिकायत मंत्रालय स्तर पर की। इसके बाद कलेक्टर ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो इसकी भनक लगते ही सीईओ ने 6 जून को हेतराम पटेल तत्कालीन सचिव ग्राम पंचायत जगत को निलंबित कर दिया है। सचिव का निलंबन अवधि में मुख्यालय बसना जपं में निर्धारित किया गया है।   मालूम हो कि आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने ग्राम पंचायत जगत का स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना में शौचालय प्रोत्साहन राशि जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदारों को प्रदाय करने की लिखित शिकायत की थी। जांच में शिकायत सही मिली। पहली जांच के दौरान ही 6 वर्ष पूर्व प्राप्त प्रोत्साहन राशि का बारह हजार रुपए जमा करवाकर मामले का पटाक्षेप कर दिया गया।  इस वक्त हेतराम पटेल बडेटेमरी पंचायत में पदस्थ हैं। जगत पंचायत की शिकायत के बाद 26 मई को प्रशासनिक आधार से स्थानातंरण कुडेकेल पंचायत में एस.आलोक सीईओ ने किया। इसके बाद सचिव हेतराम पटेल को 29 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में जनपद सदस्य देवकुमारी पटेल के पति फूलचंद पटेल, पंच किशन पिता बनमाली को बारह-बारह हजार प्रोत्साहन राशि देने के संबंध में जबाब मांगा गया। सचिव हेतराम ने इस नोटिस का कोई जबाब नहीं दिया। जिस कारण 6 जून को उन्हें निलंबित कर दिया गया है। 


अन्य पोस्ट