महासमुन्द
क्षेत्रीय समस्याओं पर सर्व समाज एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 16 जून। बार क्षेत्र के वनांचल गांवों में पात्र बेरोजगार युवकों को कार्यालयीन कार्य, चौकीदार ,एवम अन्य शासकीय कार्यों के लिए बाहरी लोगों को नियुक्त किये जाने का अब वनांचलवासी विरोध करने लगे है। इस सम्बन्ध में क्षेत्र के ग्रामीणों ने रविवार को ग्राम पाड़ादाह गोड़वाना भवन में क्षेत्रीय समस्याओं के विषय में सर्व समाज एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चर्चा की गई।
उक्त बैठक में चर्चा हुई कि 19 ग्राम का सामुदायिक वन अधिकार एव सामुदायिक वन संसाधन पत्र जो एसडीएम कार्यालय एवं जिला कार्यालय में 4 वर्षों से अफसरों द्वारा लंबित रखा गया है। इसमें वानांचल के सभी ग्रामों के जमीन को राजस्व भूमि में प्रवर्तित कराने पर भी चर्चा हुई। जिसमें शासन के आदेश पर अभी तक सही ढंग से सम्बन्धित एसडीएम द्वारा वन भूमि का नाप जोख नहीं करवाया जा रहा हैं। इसके अलावा वानांचल के सहकारी समिति बार, वन विभाग के बेरियर,आफिस, पर्यटक ग्राम व मोंहदा रिसोर्ट में बाहरी लोगों को रखा गया हैं, जिसमें बाहरी लोगों को हटा कर स्थानीय लोगों को रखे जाने की चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने यह आरोप भी लगाया कि स्थानीय वनकर्मियों को पर्यटकों द्वारा गाली गलौज किया जाता है, जिस पर रोक आवश्यक है। वानांचल के पाठशालाओं में बच्चों की पढ़ाई हेतु शिक्षकों कि नियुक्ति व ऐसे शिक्षक जो बच्चों को सही ढंग से पढ़ाते नहीं हैं,उनको हटाने पर चर्चा किया गया। इसके अलावा वन विभाग द्वारा फर्जी हाजरी डालकर लोगों से वसूली कर शासन को चूना लगा कर क्षेत्रीय ग्रामीणों के रोजगार को छीना जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की पढ़ाई के लिए संसाधनों की कमी को पूर्ण करने शासन से मांग की गई है।
बैठक में चर्चा हुई कि वन मंडलाधिकारी के आदेश के नाम पर स्थानीय वन विभाग द्वारा विस्थापन के लिए जगह दिखाने के नाम पर सभी ग्राम वासियों के पास से लाखों खर्च हो गये हैं, और हमेशा से ग्रामीणों को कई वर्षो से परेशान कर समय बर्बाद करनें का काम भी वन विभाग द्वारा किया जा रहा हैं। जिसमें क्षेत्र के जनता त्रस्त और आक्रोशित हैं,ऐसे विषय को लेकर जिला कलेक्टर, वन मंडलाधिकारी, आयुक्त, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी,महिला एवं बाल विकास अधिकारी से वनांचल के सरपंच, जनपद सदस्य, जिला सदस्य, एवं ग्राम मुखिया को समस्याओं से अवगत करायेंगे।
इस बैठक में मंगतु जगत, लक्ष्मीनारायण, दिनेश ठाकुर, भीखम ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, रमेश भोई, धन कुमार, संजीव कुमार, अंजोर सिंह, ईश्वर ठाकुर, गौरसिंह,लालशाय,मथामणी प्रधान, संन्यासी प्रधान, दशरथ बरिहा, अर्जी भोई,मिलाप चौहान,रवि ठाकुर के साथ संतोष ठाकुर उपस्थित थे।