महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 16 जून। स्थानीय पीएम श्री स्कूल में आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव का भाजपा नेताओं ने ही बहिष्कार कर दिया। चर्चा है कि क्षेत्रीय विधायक की आपत्ति के बाद उक्त निर्णय लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान भाजपा की गुटबाजी खुलकर सामने आई, शाला प्रबंधन समिति द्वारा बतौर अतिथि बुलाये गए भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों का पार्टी के ही विधायक द्वारा विरोध किये जाने की चर्चा है। प्रतिक्रिया में शाला प्रबंधन समिति सहित अतिथियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। जिससे आज शाला प्रवेशोत्सव नहीं हो सका।
मिली जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश की तरह नगर के स्कूलों में भी आज शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया था। नगर के सबसे बड़े सरकारी स्कूल पीएम श्री सेजेस स्कूल में भाजपा नेता शंकर अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष देवसिंह निषाद, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं नप उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
उक्त सम्बन्ध में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए बताया कि वे स्वयं विधायक द्वारा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नियुक्त हुए हंै। प्रदेश भर के सैकड़ों स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाना था। लिहाजा छोटे स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की नीयत से उन्होंने स्थानीय स्तर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया था। परन्तु आज सुबह क्षेत्रीय विधायक द्वारा प्राचार्य को फटकार लगाई कि उनसे पूछे बगैर अतिथि कैसे बनाये गए? इसकी जानकारी होते ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आज के शाला प्रवेश के उक्त कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।