महासमुन्द

दसवीं-बारहवीं के बच्चे भी कर सकेंगे इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन
16-Jun-2025 4:07 PM
दसवीं-बारहवीं के बच्चे भी कर सकेंगे इंस्पायर अवार्ड के लिए पंजीयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 जून। भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने मंत्रालय की ओर से इस वर्ष स्कूली छात्रों में नवाचार प्रवृति को बढ़ावा देने के लिए 15 जून से 15 सितम्बर तक इंस्पायर अवार्ड मानक हेतु पंजीयन पोर्टल खोला है। पिछले वर्ष तक इंस्पायर अवार्ड मानक के लिए केवल छठवीं से दसवीं के तक के विद्यार्थी ही पात्र माने जाते थे। इस वर्ष से विभाग ने इसका दायरा बढ़ाते हुए कक्षा 11वीं और 12वीं के किसी भी संकाय के विद्यार्थियों को भी पंजीयन के लिए पात्र माना है। प्रत्येक शासकीय एवं निजी विद्यालय को अपने.अपने विद्यालय से पांच छात्रों के पांच यूनिक आइडिया को राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संगठन के इंस्पायर अवार्ड पोर्टल में ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य है। चयनित यूनिक आइडिया को मॉडल बनाने के लिए चयनित छात्रों के बैंक खाते में 10 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाती है।

 

 प्रतिवर्ष इन्हीं में से 60 मॉडल का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाता है। इन चयनित छात्रों को उच्च शिक्षण संस्थाओं के वैज्ञानिकों का भी मार्गदर्शन प्राप्त होता है तथा उनके मॉडल को पेटेंट कराने हेतु सभी दिशा निर्देश प्रदान किए जाते हैं। जिले के सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि नीयत अंतिम तिथि के पूर्व ही अपने.अपने विद्यालय का लक्ष्य पूरा कर लें। अधिक जानकारी के लिए इंस्पायर अवार्ड के जिला नोडल अधिकारी जगदीश सिन्हा व्याख्याता से संपर्क कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट