महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14जून। सहायक वन परिक्षेत्र बड़ेसाजापाली के ग्राम झालपाली में वन विभाग द्वारा कांटातार फेंसिंग में अनियमितता कर भ्रष्टाचार किए जाने एवं मजदूरों को पूरी मजदूरी न देकर नगद भुगतान करने का आरोप लगाते हुए अपर मुख्य सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग छत्तीसगढ़ शासन से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार शिकायत के बाद अनियमितता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने उप वनमण्डलाधिकारी सरायपाली को निर्देशित किया गया था। लेकिन चार माह बीत जाने बाद भी संबधित अधिकारी द्वारा जांच के नाम पर बार-बार घुमाया जा रहा है। जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं और उपमंडल सरायपाली के संबंधित अधिकारी पर मिली-भगत होने का संदेह बढ़ता जा रहा है। मालूम हो कि ग्राम झालपाली में कांटा तार फेंसिंग में भारी अनियमितता एवं भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया एवं साथ ही नियमानुसार मजदूरी भुगतान संबंधित मजदूरों के बजाय ऐसे लोगों के खाते में मजदूरी जमा कर दी गई है। जिन्होंने कार्य ही नहीं किया है। साथ ही फर्जी मस्टररोल भरे जाने का मामला भी सामने आया है। बताया गया है कि संबंधित मजदूरों को उनके मानक मजदूरी से बहुत ही कम मजदूरी का नगद भुगतान किया गया है। ग्रामीणों को नियमों की जानकारी नहीं होने तथा मजदूरों का कम पढ़े.लिखे होने का वन विभाग के अधिकारी फायदा उठा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बीते साल 13 दिसम्बर 2024 को अपर मुख्य सचिव को शिकायत किया गया था। उसके बाद उपमंडलाधिकारी सरायपाली को जांच करने वनमंडलाधिकारी महासमुंद द्वारा 6 फरवरी 2025 को जांच आदेश दिए गए थे और दोषियों पर कार्रवाई करने कहा गया था। उसके बाद उप वनमंडल सरायपाली ने शिकायतकर्ता को सरायपाली वनमंडल कार्यालय में 04 मार्च को उपस्थित होने पत्र लिखा था। जिसके बाद शिकायतकर्ता पहुंचे तो संबंधित अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। शिकायतकर्ता को बैरंग लौटना पड़ा। इसके बाद पुन: उप वनमंडल सरायपाली द्वारा शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाने पत्र लिखा गया और 18 मार्च को उपस्थित होकर संबंधित मजदूर को कम मजदूरी और नगद भुगतान किया गया है। उनके नाम उपलब्ध कराने कहा गया। उसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा सरायपाली वनमंडल कार्यालय पहुंच कर नगद भुगतान करने वाले मजदूरों के नाम संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराया गया। शिकायतकर्ता को 29 अप्रैल को एक पत्र भेजा गया। जिसमें 8 मई को 11 बजे परिसर रक्षक आवास माधोपाली में उपस्थित रहने कहा गया। उक्त पत्र के बाद शिकायतकर्ता ने आपत्ति दर्ज कराई कि इसकी जांच कार्रवाई कार्यस्थल झालपाली में पहुंच कर करें जिससे कि कार्रवाई नियमानुसार हो सके। 02 जून को शिकायतकर्ता को पत्र लिखकर बताया गया कि उक्त मजदूरों को 12 जून को 11 बजे स्कूल परिसर झालपाली में उपस्थित रखने कहा गया। इन सबके बाद 12 जून को शिकायतकर्ता एवं मजदूरों द्वारा झालपाली में अधिकारियों का इंतजार करते रहे। लेकिन संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं हुए।
जब काफी समय बीत जाने के बाद उपस्थित नहीं हुए तो शिकायतकर्ता ने उपमंडल सरायपाली के संबंधित अधिकारी को कॉल के माध्यम से पूछा। तब उन्होंने जांच में नहीं आने की बात कही। आवेदक का कहना है कि इस तरह जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा न सिर्फ जांच को प्रभावित किया जा रहा है। बल्कि अपने अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के साथ ही साथ अपने दायित्वों के निर्वहन में भी लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में शिकायतकर्ता द्वारा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से जांच हेतु ज्ञापन देकर मांग किए जाने की बात कही जा रही है। उपमंडल सरायपाली के अधिकारी एन भास्करेन से दुरभाष के माध्यम से चर्चा की गई तब उनके द्वारा कहा गया कि जांच करने आना था। लेकिन विभागीय कार्य के चलते जांच करने नहीं आ पाऊंगा।