महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जून। युक्तियुक्तकरण के दौरान काउंसिलिंग में अपनी मनपसंद स्कूल चयन करने के बाद भी अनेक शिक्षक पदभार लेने से कतरा रहे हैं, जबकि उन्हें तत्काल पदभार ग्रहण करने का आदेश था। अब तक अनेक शिक्षक केवल इस आस में बैठे हुए हैं कि कहीं उनका जुगाड़ पूर्व की ही तरह जिला मुख्यालय के आसपास ही हो जाए। अब स्कूल खुलने में कल एक दिन शेष है। यदि इसमें भी 15 जून का रविवार अवकाश हटा दें तो महज 2 दिन ही स्कूल खुलने के लिए शेष है। यदि समय पर शिक्षक स्कूलों में पदभार ग्रहण नहीं करेंगे तो स्कूल के पहले दिन ही शिक्षा व्यवस्था बिगड़ सकती है।
जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 703 शिक्षकों को युक्तियुक्तकरण के तहत इधर से उधर किया गया है। इनमें से 692 शिक्षकों के लिए पदांकन आदेश के साथ ही तत्काल पदभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया था। लेकिन आज की स्थिति में केवल 629 शिक्षकों ने ही पदभार ग्रहण किया है। अब भी 63 शिक्षकों ने पदभार नहीं सम्हाला है। सहायक शिक्षकों में महासमुंद ब्लॉक में 58 शिक्षकों के लिए पदस्थापना आदेश जारी किया गया, लेकिन इनमें से 56 ने पदभार सम्हाला। बागबाहरा में 112 में से 96, पिथौरा में 96 में से 87, बसना में 82 में से 77, सरायपाली में 84 में से 83 यानी कुल 432 में 399 ने पद सम्हाला है। जबकि सभी 12 प्रधान पाठकों ने ज्वाइनिंग ले ली है।
विज्ञान प्रायोगिक विषय के लिए 9 शिक्षकों को पदस्थापना आदेश जारी किया गया था। जिनमें से 8 ने जॉइनिंग ले ली है। लेकिन बागबाहरा ब्लॉक में 1 शिक्षक ने अब भी ज्वाइन नहीं किया है। इसी तरह कुल 146 शिक्षकों के लिए आदेश जारी हुआ था। इनमें से 127 ने ही ज्वाइनिंग ली। इनमें से महासमुंद में 29 में से 27 तथा बागबाहरा में 35 में से 26, पिथौरा में 40 में से 35, बसना में 17 में से 14 तथा सरायपाली में 25 में 25 ने ज्वाइनिंग ले ली है।
इसी तरह पूर्व माध्यमिक शाला के लिए 4 प्रधान पाठकों के लिए आदेश निकाला गया था। जिनमें से सभी ड्यूटी पर आ गए हैं। व्याख्याता पद पर कुल 92 लोगों के लिए पदस्थापना आदेश जारी किया गया। लेकिन 82 ने ही पदभार ग्रहण किया है। इसमें महासमुंद में 23 में से 21,बागबाहरा में 21 में से 17, पिथौरा में 20 में से 18, पिथौरा में 17 में 17, बसना में 11 में से 9 लोगों ने पदभार सम्हाल लिया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जिन शिक्षकों ने जॉइनिंग नहीं ली है उनका निर्णय शाला प्रबंध समिति करेगी।
गौरतलब है कि इस बार युक्तियुक्तकरण पर शिक्षा विभाग का ध्यान अधिक होने की वजह से स्कूल खुलने के पूर्व की जाने वाली तैयारियां अब तक नहीं हो पाई है। जिसमें पेयजल, लाइट, पंखे की व्यवस्था व साफ-सफाई आदि शामिल हैं। वहीं युक्तियुक्तकरण के तहत शालाओं को मर्ज करने की वजह से दर्ज संख्या में बढ़ोत्तरी होने के कारण स्कूलों में बैठक व्यवस्था आदि भी ठीक की जानी है। सहायक संचालक सतीष नायर ने बताया कि 629 ने पदभार सम्हाल लिया है। शेष 63 लोग भी संभवत: आज शुक्रवार को स्कूल ज्वाइन कर सकते हैं।