महासमुन्द

अवैध तरीके से मोबाइल टावर का निर्माण कर रही कंपनी
07-Jun-2025 4:24 PM
अवैध तरीके से मोबाइल टावर का निर्माण  कर रही कंपनी

महासमुंद, 7 जून। महासमुंद में मोबाइल टावर कंपनी द्वारा अवैध तरीके से टावर का निर्माण किया जा रहा है। सरपंच ग्राम पंचायत मचेवा के साथ स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर और तहसीलदार कार्यालय में शिकायत की है।

बताया गया कि ग्राम पंचायत मचेवा के स्वामी विवेकानंद वार्ड नंबर 9,रमन टोल में यह निर्माण कार्य बिना पंचायत प्रस्ताव के शुरू किया गया है। यह कंपनी मेन लाइन से हुकिंग कर बिजली चोरी कर रही है। निर्माण स्थल के आसपास जेडी क्वार्टर में अधिकारियों के परिवार के अलावा कॉलोनी में सैकड़ों अन्य परिवार निवास करते हैं। इसी क्षेत्र में कर्मचारियों के लिए जी प्लस 2 तीन मंजिला बिल्डिंग का निर्माण भी चल रहा है। जिसमें 80 परिवारों के लिए क्वार्टर बनाए जा रहे हैं।

 ग्राम पंचायत मचेवा की सरपंच प्रमिला ध्रुव ने बताया कि पंचायत से कोई प्रस्ताव नहीं लिया गया है। उन्होंने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है और अनुविभागीय अधिकारी को निर्माण कार्य रोकने का पत्र भेजा है।

ग्रामीण एईई विरेन्द्र टंडन ने पुष्टि की है कि मौके पर जांच में बिजली चोरी की शिकायत सही पाई गई है। हालांकि कंपनी ने दो दिन पहले अस्थाई कनेक्शन के लिए राशि जमा की है, लेकिन इससे पहले की बिजली चोरी पर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों को चिंता है कि इतनी घनी आबादी में टॉवर से विकिरण और उत्सर्जन के कारण स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती है।


अन्य पोस्ट