महासमुन्द
महासमुंद, 7 जून। ग्राम अरेकेल जनपद पंचायत बसना के सभाकक्ष में कल शुक्रवार को दोपहर एक बजे आयोजित सामान्य सभा की बैठक में अधिकारियों के नदारद रहने के कारण जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने आपत्ति दर्ज करते हुए बैठक का बहिष्कार किया। श्री सिन्हा के साथ उपाध्यक्ष मोहित पटेल,सभापति जन्मजय साव,कृष्ण कुमार पटेल सहित अन्य जनपद सदस्य सभा छोडक़र सभाकक्ष से बाहर निकल गए। इस तरह पूर्व में पारित प्रस्तावों पर अमल नहीं होने और अधिकांश विभाग के अधिकारियों को अनुपस्थित देखकर सदस्यों ने सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार कर दिया।
मालूम हो कि करीब दो महीने बाद शुक्रवार को जनपद पंचायत बसना में समान्य प्रशासन की बैठक आयोजित की गई थी। निर्धारित समय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति और जनपद सदस्य सभाकक्ष में पहुंच गए। सीईओ और 5-7 विभाग के कर्मचारियों को छोडक़र अधिकांश जिम्मेदार अफसर सभा में नहीं पहुंचे थे। ऐसे में सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। सभापति प्रकाश सिन्हा ने बताया कि पूर्व निर्धारित बैठक के बावजूद 25 से अधिक विभाग में से महज 5-7 विभाग के छोटे कर्मचारी ही पहुंचे थे। दो महीने पहले हुई बैठक में समस्त विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया था।
सामान्य सभा की बैठक सूचना जनपद पंचायत बसना ने समस्त विभाग को दी थी। बावजूद बैठक में शिक्षा विभाग,वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, विद्युत विभाग, प्रधानमंत्री सडक़, बीज निगम आदि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी नदारद रहे।
जनपद सीईओ पीयूष ठाकुर ने बताया कि सामान्य सभा बैठक सूचना सभी विभाग को भेज दी गई थी।